पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो युवक घायल

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो युवक घायल

Published On

मोगा, सच कहूँ/विक्की कुमार। Moga News: मोगा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। थाना महिणा के अंतर्गत आने वाली तखाणवध लिंक रोड पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस को देखकर दोनों मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद युवकों ने पुलिस पार्टी पर गोलियाँ चला दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों युवक गोली लगने से घायल हो गए।  

घायल युवकों की पहचान गुरसेवक सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह, निवासी दुसांझ रोड, मोगा और आकाशदीप सिंह पुत्र अमरीक सिंह, निवासी धर्मकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को काबू कर इलाज के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस के अनुसार दोनों की तलाश में पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तखाणवध लिंक रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी पुलिस द्वारा पीछा करने के दौरान मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से एक .32 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक किस मामले में वांछित थे और उनके पास हथियार कहाँ से आए। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी जुड़ा हुआ है या नहीं। फिलहाल दोनों घायल युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts