दीपावली से पहले कार्रवाई, 5850 किलो सूजी-मैदा सीज

135 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई, मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और थोक विक्रेताओं का निरीक्षण कर सैंपल लिए। इस दौरान 3150 किलो सूजी और 2700 किलो मैदा सीज किया गया, जबकि 135 किलो दूषित एवं खराब खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान चक 3 केआरपी, करणपुरा तहसील भादरा स्थित मैसर्स मनेरवा मिल्क से सूजी, मैदा एवं सरसों के तेल के सैंपल लिए गए। इसी प्रकार मोती होटल से तैयार सब्जी, मैसर्स श्री श्याम मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई एवं दही, मैसर्स सैनी स्वीट्स से काजू कतली एवं लड्डू तथा श्री बीकानेर स्वीट्स एंड फास्ट फूड से मावा बर्फी एवं बेसन चक्की के सैंपल संग्रहित किए गए। मैसर्स मनेरवा मिल्क से 3150 किलो सूजी एवं 2700 किलो मैदा सीज किया गया। वहीं, श्री बीकानेर स्वीट्स एंड फास्ट फूड से 10 किलो रंगीन एवं दूषित मिठाई नष्ट करवाई गई। कार्रवाई में एफएसओ रफीक मोहम्मद एवं अर्चना यादव शामिल रहे।

इन जगहों पर भी हुई कार्रवाई

इसी क्रम में हनुमानगढ़ के संगरिया रोड स्थित मैसर्स अन्नपूर्णा मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन के सैंपल लिए गए। निरीक्षण के दौरान वहां 95 किलो दूषित एवं खराब लड्डू, मावा, चाशनी एवं पेठा मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इस कार्रवाई में एफएसओ सीपी शर्मा, अनुपम चोयल एवं हीरावल्लभ शर्मा शामिल रहे। गोलूवाला स्थित मैसर्स पुरोहित मिष्ठान भंडार एवं पीलीबंगा स्थित मैसर्स श्री बालाजी मिष्ठान से भी खाद्य सामग्री के एक-एक सैंपल लिए गए। निरीक्षण के दौरान श्री बालाजी मिष्ठान में दूषित खाद्य सामग्री मिलने पर संचालक को खाद्य सामग्री तैयार करते समय उचित सावधानी बरतने के लिए पाबंद किया गया। यहां से 30 किलो खराब एवं दूषित मिल्क क्रीम नष्ट करवाई गई।

Food-Distroyed

खाद्य कारोबारियों और आमजन से अपील

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने तथा खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि जांचने का आग्रह किया। मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01552-261190 पर सूचना देने की अपील की।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts