शिक्षा और रोजगार
पिता-पुत्र में कृषि भूमि विवाद में पांच घंटे टंकी पर चढ़ा रहा पिता समझाइश के बाद नीचे उतरा
सहारणी गांव में पिता रमेश बिश्नोई ने जताया था विरोध, नायब तहसीलदार पतराम गोदारा ने दोनों पक्षों में करवाई सुलह
टिब्बी, सच कहूँ न्यूज़। Tibbi News: क्षेत्र के सहारणी गांव में पिता-पुत्र के बीच कृषि भूमि को लेकर चल रहे विवाद में पानी की टंकी पर चढ़े पिता को आखिरकार प्रशासन की समझाइश के बाद करीब पांच घंटे बाद नीचे उतार लिया गया। गिलवाला गांव निवासी पिता रमेश बिश्नोई कृषि भूमि से जुड़े पारिवारिक विवाद के चलते सहारणी गांव में पानी की टंकी पर चढ़ गया था। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
शाम छह बजे मिली जानकारी अनुसार सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार पतराम गोदारा मौके पर पहुंचे और पिता-पुत्र के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान दोनों पक्षों से बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं को सुना गया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। नायब तहसीलदार ने पिता-पुत्र के बीच सुलह करवाते हुए उन्हें तय सहमति के अनुसार कार्य करने के लिए पाबंद किया।
इसके बाद रमेश बिश्नोई करीब पांच घंटे बाद पानी की टंकी से सुरक्षित नीचे उतर आया। मौके पर टिब्बी थाने से एसआई प्रमोद सिंह और एएसआई बलतेज सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से पारिवारिक विवाद का समाधान होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
Comments