शिक्षा और रोजगार
Hanumangarh Accident News: तेज रफ्तार क्रेटा ने पैदल चल रहे व्यक्ति को कुचला, मौत
गाय को गौशाला ले जाते समय हादसा, टक्कर से गाय और ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। टाउन थाना क्षेत्र में भगवती ईंट भट्टे के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही क्रेटा कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब व्यक्ति अपने भाई और ताऊ के बेटे के साथ पालतू गाय को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर गांव मुंडा की गौशाला में ले जा रहा था। हादसे में गाय और ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गए। टाउन थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में नूर अहमद (46) पुत्र साबर अली निवासी वार्ड नंबर 2, चक 16 एसएलडब्ल्यू, मेहरवाला पीएस तलवाड़ा झील ने बताया कि 26 अक्टूबर को वह अपने छोटे भाई नवाब अली (40) पुत्र साबर अली और ताऊ के बेटे मुमताज अली के साथ अपने दोस्त के ट्रैक्टर के पीछे पालतू गाय बांधकर गांव मुंडा की गौशाला में ले जा रहे थे। ट्रैक्टर मुमताज अली चला रहा था, जबकि नूर अहमद ट्रैक्टर पर बैठा था और उसका छोटा भाई नवाब अली पीछे-पीछे पैदल चल रहा था। जब वे भगवती ईंट भट्टे से कुछ दूरी पर पहुंचे तो मसीतांवाली हैड की तरफ से आई सफेद रंग की क्रेटा कार नंबर एचआर 87 यू 1530 ने पीछे से नवाब अली को टक्कर मार दी। कार की गति तेज होने के कारण टक्कर लगते ही नवाब अली उछलकर गाय के पास जा गिरा।
इसके बाद कार गाय से टकरा गई और गाय ट्रैक्टर के अंदर जा लगी, जिससे ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। नूर अहमद ने बताया कि हादसे के दौरान वह और मुमताज अली ट्रैक्टर से संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे साइड में गिर गए, हालांकि दोनों को चोट नहीं आई। इसके बाद वे घायल नवाब अली को उपचार के लिए टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवादी नूर अहमद की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने तथा दुर्घटना में मौत होने के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी को सौंपी गई है।
Comments