शिक्षा और रोजगार
श्री अमरनाथ सेवा समिति ने विद्यालय में बनवाया कमरा, विधायक ने किया लोकार्पण
विधायक बोले-शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करना सराहनीय पहल
School Room Inauguration: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। टाउन के पंजाबी मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर 23 के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम परिसर में श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से नवनिर्मित कमरे का मंगलवार को लोकार्पण किया गया। लोकार्पण विधायक गणेश राज बंसल, नगर परिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल की उपस्थिति में हुआ। साढ़े 15 गुणा साढ़े 22 फुट आकार के इस कमरे के निर्माण पर 4 लाख 25 हजार रुपए की लागत आई है।
इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल ने विद्यालय की मांग पर कमरा निर्माण करवाने के लिए श्री अमरनाथ सेवा समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है।
सामाजिक संस्थाओं की ओर से जनहित में किए जाने वाले ऐसे कार्य सराहनीय हैं। इससे अन्य संस्थाओं और भामाशाहों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर श्री अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष सूरजभान मित्तल, सचिव इन्द्रजीत चराया सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Comments