Self-defense techniques: कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

राजकोप सिटीजन एप की दी जानकारी, राजकीय कन्या महाविद्यालय में सेमिनार आयोजित

Published On

Self-defense techniques: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की ओर से गुरुवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय में महिला सुरक्षा को लेकर सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें यूनिट सदस्यों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ ही उनके मोबाइल फोन में राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करवाया गया तथा इसके उपयोग के बारे में बताया गया।

सेमिनार में यूनिट की कांस्टेबल सुनीता व माया ने छात्राओं को बताया कि यदि कोई लड़की सुनसान जगह से अकेली जा रही हो और कोई मनचला या असामाजिक तत्व उसे परेशान करे तो ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतनी चाहिए। अपने पास मौजूद छोटी-छोटी चीजों का इस्तेमाल कर हमलावर का मुकाबला करने और खुद को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने की जानकारी दी।

यूनिट सदस्यों ने छात्राओं को बताया कि राजकोप सिटीजन एप 24 घंटे कार्य करता है। जिस महिला या बालिका के मोबाइल फोन में यह एप मौजूद है, वह जरूरत के समय पुलिस सहायता लेने के लिए इसका उपयोग कर सकती है। उन्होंने छात्राओं को एप की उपयोगिता समझाते हुए कहा कि इसके बारे में जानकारी रखने और जरूरत के समय इसका इस्तेमाल करने से महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर सकती हैं।

कांस्टेबल सुनीता व माया ने बताया कि सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का गठन किया गया है। हनुमानगढ़ जिले में छह कालिका पेट्रोलिंग यूनिट कार्य कर रही हैं। इनमें तीन यूनिट जंक्शन और तीन यूनिट टाउन में तैनात हैं। इन टीमों के सदस्य रोटेशन के आधार पर प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। कॉलेजों में छात्राओं के मोबाइल फोन में राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करवाकर उन्हें इसके उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है।

बाजार से लेकर स्कूल-कॉलेजों तक सुरक्षा का भरोसा

यूनिट सदस्यों ने बताया कि बाजार, मॉल, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की मौजूदगी से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ता है। यूनिट का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी परेशानी की स्थिति में उचित कदम उठा सकें और पुलिस की सहायता ले सकें। उन्होंने बताया कि हाल ही में नवरात्र के अवसर पर आयोजित डांडिया-गरबा कार्यक्रमों में भी कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के सदस्यों ने सिविल ड्रेस में मौजूद रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी। इस तरह सार्वजनिक आयोजनों में भी यूनिट की ओर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी की गई।

About The Author

Related Posts