Rajasthan BSF Latest News: पाक ड्रोन नेटवर्क की नई कोशिश नाकाम, 2.5 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त

हेरोइन मिलने से हलचल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Published On

Heroin Worth Rs 2.5 Crore Seized: श्रीगंगानगर, (सच कहूँ न्यूज़)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे श्रीकरणपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात को सुरक्षा बलों की सतर्कता ने एक बार फिर पाकिस्तानी तस्करी नेटवर्क को झटका दिया। शेखसरपाल बॉर्डर ऑब्जर्वर पोस्ट (बीओपी) के पास चक 11 एफए गांव के एक खेत से 570 ग्राम हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

118वीं बटालियन बीएसएफ के शेक्सरपाल बीओपी कमांडर पीके मीणा के नेतृत्व में बीएसएफ, सीआईडी और पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। सीआईडी के नवनीत मीणा की सूचना पर यह ऑपरेशन शुरू किया गया था। तलाशी के दौरान खेत में पीले रंग का एक संदिग्ध पैकेट मिला। जांच में उसमें 570 ग्राम हेरोइन निकली। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इलाके में तलाशी जारी है।

श्रीकरणपुर का सीमावर्ती इलाका पिछले कुछ समय से हेरोइन तस्करी की घटनाओं के कारण सुरक्षा एजेंसियों की विशेष निगरानी में है। हाल के महीनों में इसी क्षेत्र और आसपास के गांवों से कई बार ड्रोन के जरिए गिराई गई खेप बरामद हो चुकी है। सुरक्षाबलों का अनुमान है कि यह ताजा पैकेट भी पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के माध्यम से खेत में ड्रॉप किया गया होगा। तस्कर अक्सर रात के अंधेरे में खेतों में पैकेट गिराकर स्थानीय नेटवर्क के जरिए उन्हें उठवाते हैं।बीएसएफ, सीआईडी और पुलिस की टीमें अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप सीमा पार से किस तरीके से पहुंचाई गई और इसके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है। श्रीकरणपुर सेक्टर में लगातार बढ़ती ऐसी कोशिशों के बीच सुरक्षा बल क्षेत्र में निगरानी और तेज कर रहे हैं।

About The Author

Related Posts