शिक्षा और रोजगार
Police Martyrs Day 2026: पुलिस शहीद दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि
पुलिसकर्मियों की याद में सम्मान गार्ड व रक्तदान शिविर का आयोजन
श्रीगंगानगर, (सच कहूँ न्यूज़)। पुलिस शहीद दिवस पर आज स्थानीय रिजर्व पुलिस लाईन में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों की याद में सम्मान गार्ड का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का पाठ किया गया। इसके पश्चात शहीदों को सलामी दी गई और पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर जिला पुलिस के समस्त सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारीगणों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जो बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।शहीदों की स्मृति में पुलिस लाईन परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही, शहीदों की याद में राजकीय जिला चिकित्सालय द्वारा पुलिस लाईन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिला पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।इस अवसर पर जिला पुलिस के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
