Hanumangarh Crime News: मजदूरी से लौट रहे युवक को घेरकर हमला, सिर पर गंडासी मारी

दो बाइक पर सवार होकर आए थे पांच हमलावर, दो को ग्रामीणों ने पकड़ा

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। मजदूरी कर बाइक पर घर लौट रहे युवक को गांव में घेरकर हमला करने का मामला सामने आया है। परिवादी के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर आए पांच लोगों ने पहले उसकी बाइक को टक्कर मारकर नीचे गिराया और फिर गंडासी, लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में युवक के सिर सहित शरीर पर चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे दुकानदारों और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में इकबाल सिंह (33) पुत्र बग्गा सिंह निवासी प्रेमपुरा ने बताया कि वह प्रतिदिन मजदूरी करने सूरतगढ़ जाता है। 7 अक्टूबर को शाम करीब 7.30 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। जब वह रामपुरा गांव पहुंचा तो रूप सिंह पुत्र फकीरचंद, मोहन सिंह पुत्र दलीप सिंह, रेशम सिंह पुत्र काका सिंह और गुरदत सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह, सभी निवासी प्रेमपुरा, दो अन्य व्यक्तियों के साथ दो अलग-अलग बाइक पर वहां पहुंचे। हमलावरों के पास गंडासी और लाठी-डंडे थे। एक बाइक परिवादी की बाइक के आगे और दूसरी पीछे लगा दी गई।

पीछे चल रही बाइक पर सवार गुरदत सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह ने अपनी बाइक परिवादी की बाइक के बराबर लाकर उसे लात मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे जान से मारने की नीयत से सिर पर गंडासी से वार किया गया और लाठी-डंडों से भी पीटा गया। इकबाल सिंह के शोर मचाने पर आसपास की दुकानों के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे हमलावरों से छुड़ाया।

ग्रामीणों ने रेशम सिंह और गुरदत सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। इकबाल सिंह का राजकीय चिकित्सालय, सूरतगढ़ में उपचार चला। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट और चोटों संबंधी जानकारी के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts