Sanitation Worker News: आयुक्त का पद खाली, सफाई भर्ती के अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाण-पत्र मिलने में हो रही परेशानी
अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करवाने और योग्य अधिकारी को आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने की मांग
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। नगर परिषद में आयुक्त का पद रिक्त होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने के साथ सफाई कर्मचारी भर्ती के अभ्यर्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सोमवार को जंक्शन निवासी आकाश नायक ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद में किसी योग्य एवं सक्षम अधिकारी को आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने तथा संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों के अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
आकाश नायक के अनुसार नगर परिषद में संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने के दौरान अपने पूर्व कार्य-अनुभव के प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है। लेकिन आयुक्त का पद रिक्त होने और संबंधित सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। इससे उन अभ्यर्थियों को विशेष परेशानी हो रही है, जिन्होंने पहले सफाई कार्य किया है और अब अपने वास्तविक अनुभव के आधार पर भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करना चाहते हैं। सरकार की ओर से बिना अनुभव के भी आवेदन करने की छूट दिए जाने के बावजूद पूर्व में कार्य कर चुके अभ्यर्थियों के अनुभव का दस्तावेजीकरण और नियमानुसार उसका लाभ मिलना आवश्यक है।
उन्होंने जिला कलक्टर से मांग की कि नगर परिषद में आयुक्त का पद रिक्त रहने की स्थिति में किसी योग्य एवं सक्षम अधिकारी को शीघ्र अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाए। संविदा सफाई कर्मचारियों के वास्तविक कार्य-अनुभव का सत्यापन करवाकर नियमानुसार अनुभव प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं। साथ ही भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों की समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए। यह भी मांग की गई कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर नगर परिषद के आवश्यक प्रशासनिक कार्यों और प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में बाधा नहीं आए, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए।