World Arthritis Day: ओवरवेट के कारण बढ़ रहा आर्थराइटिस का खतरा
विशेषज्ञों ने किया जागरूक, विश्व आर्थराइटिस डे पर मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। विश्व आर्थराइटिस डे के मौके पर सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जोड़ संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को आर्थराइटिस के कारणों, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सक्षम संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह, श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा एवं मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत ने शिरकत की। कार्यक्रम में ऐसे लाभार्थी भी मौजूद रहे, जो दिव्यांगता से उबरकर जोड़ प्रत्यारोपण करवाने के बाद सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
विशेषज्ञों ने जोड़ संबंधी बीमारियों से ग्रसित नए मरीजों को बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि समय पर उचित उपचार और सावधानी बरतकर कई मामलों में सर्जरी से बचा जा सकता है। विशेषज्ञों ने बताया कि क्षेत्र में लोगों को जोड़ संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व आर्थराइटिस डे पर लगातार पांचवें वर्ष यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जोड़ दर्द का प्रमुख कारण ओवरवेटिंग सामने आ रहा है।
इसके अलावा खान-पान और जीवनशैली भी आर्थराइटिस के बढ़ते मामलों के कारणों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि डायबिटीज, हाइपरटेंशन और अधिक वजन की समस्या से ग्रसित लोगों में आर्थराइटिस का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है। हनुमानगढ़ क्षेत्र में घुटनों से संबंधित समस्या के मरीजों की संख्या भी अधिक है और इसका मुख्य कारण ओवरवेट बताया गया। विशेषज्ञों ने बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा बेहतर उपचार के लिए समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया।