Rajasthan News: प्रधानमंत्री ने राजस्‍थान को दी अनेकों विकास की सौगातें, आने वाली पीढ़ियों तक दिखाई देगा इनका प्रभाव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और सुशासन को समर्पित

Published On

Narendra Modi 25 Years: जयपुर, (सच कहूँ न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मानसरोवर के वी.टी. रोड स्थित मेला ग्राउण्ड में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सहभागिता की तथा उनके ओजस्वी भाषण को सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विकसित भारत बनाने के संकल्प को दोहराया और ‘वी विल डू इट’ का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने भी साथ-साथ इसे दोहराया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अविराम जनसेवा यात्रा के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण हुए हैं। यह अवसर ऐतिहासिक, गौरवशाली और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस उपलक्ष्य में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से आज पूरा राष्ट्र एक नई ऊर्जा और संकल्प के साथ खड़ा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का पिछले ढाई दशकों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र-प्रथम, कठिन परिश्रम और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने की एक महान तपस्या है। उन्होंने राजनीति की परिभाषा बदलकर उसे सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नाम करोड़ों देशवासियों के लिए संकल्प की सिद्धि और गारंटी का पर्याय बन चुका है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति से लेकर राम मंदिर निर्माण तक, राष्ट्रहित में यह सब उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से संभव कर दिखाया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन, नेतृत्व और भरपूर सहयोग से राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके नेतृत्व में आज राजस्थान को ऐसी अनेक सौगातें मिल रही हैं, जिनका प्रभाव आने वाली कई पीढ़ियों तक दिखाई देगा। उनके सहयोग से हमारी सरकार ने प्रदेश को जल संपन्न बनाने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। पूर्वी राजस्थान में पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए राम जल सेतु लिंक परियोजना को धरातल पर उतारा जा रहा है। जिससे 17 जिलों की आबादी को पेयजल, उद्योगों को जल तथा 4 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी और यमुना जल के लिए इस साल 29 जून को एमओए किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के लिए राजस्थान समेत छह राज्‍यों के बीच गत 15 सितंबर को समझौता संपन्न हुआ है। इससे शेखावाटी क्षेत्र को वर्षभर जल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच ऐतिहासिक नर्मदा समझौता संपन्न हुआ। इससे नर्मदा नदी के पानी को लेकर राज्यों के बीच दशकों से लंबित मामला समाप्‍त हो गया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत अब तक प्रदेश में 52 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध करवाया जा चुका है तथा 33,305 करोड़ रुपये से अधिक का व्यय कर व्यापक पेयजल अवसंरचना का विकास करवाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-मुंबई (दिल्ली-जयपुर खंड सहित), अमृतसर-जामनगर एवं अन्य प्रमुख जयपुर-किशनगढ़-जोधपुर-पचपदरा एक्सप्रेसवे तथा बीकानेर-कोटपूतली एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में रोड नेटवर्क का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जयपुर में यातायात के दबाव को कम करने के लिए 11,764 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रिंग रोड उत्तर परियोजना का कार्य भारत सरकार के सहयोग से पूरा करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 13 हजार करोड़ रुपये लागत की जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 को स्वीकृति दी है। इसके तहत 41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनेगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस, कोच केयर कॉम्प्लेक्स और 83 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों के माध्यम से प्रदेश में रेल सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। कोटा, किशनगढ, बाड़मेर एवं बीकानेर में तेजी से हवाई संपर्क का विकास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 480 करोड़ रुपये की लागत से जोधपुर हवाई अड्डे में नवीन टर्मिनल भवन का निर्माण करवाया गया। इससे हवाई अड्डे की सालाना क्षमता 12 लाख से बढ़कर 20 लाख यात्रियों तक पहुंच गई है। इसके अलावा जयपुर और कोटा के टर्मिनलों का विकास भी करवाया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पौने तीन साल में प्रदेश की ऊर्जा क्षमता में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। 6 हजार मेगावॉट-घंटा की बैटरी भंडारण परियोजनाओं से विद्युत तंत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में 5 लाख से अधिक पंजीकरण किए जा चुके हैं औरवा 3 लाख 37 हजार से अधिक रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम कुसुम योजना के तहत 5.45 गीगावाट से भी अधिक क्षमता के संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। राजस्‍थान अक्षय एवं सौर ऊर्जा स्थापना में देश में अग्रणी है। प्रधानमंत्री ने राजस्थान की ऊर्जा सुरक्षा को नई मजबूती देने के लिए माही बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना की आधारशिला 25 सितंबर, 2025 को रखी थी। इसकी लागत 42 हजार करोड़ रुपये है तथा इसकी कुल स्थापित क्षमता लगभग 2 हजार 800 मेगावाट होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालोतरा में लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से रिफाइनरी स्थापित की गई है। इससे राजस्थान सहित देश में ईंधन उपलब्‍धता एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान के संकल्प के साथ प्रदेश में 29 करोड़ 40 लाख पौधे लगाए गए हैं। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वर्ष 2025-26 में अभियान की प्रगति में राजस्थान प्रथम स्थान पर रहा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीबी-जी राम जी के तहत आगामी तीन वर्षों में प्रतिवर्ष 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रारंभ से राज्‍य में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 23 लाख से अधिक पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 1 करोड़ 16 लाख से अधिक व्यक्तिगत शौचालय बनाये गए हैं तथा 42 हजार से अधिक गांव ओडीएफ प्लस मॉडल विलेज घोषित किए जा चुके हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 लाख से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर 20 लाख को लखपति दीदी बनाया जा चुका है।प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 75 लाख से अधिक गरीब परिवारों की महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कह कि भारत सरकार की चिप्स टू स्टार्टअप की मदद से राजस्‍थान सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। भिवाड़ी के सलारपुर-खुशखेड़ा क्षेत्र में पहला सेमीकंडक्टर क्लस्टर स्‍थापित किया गया है। प्रधानमंत्री की पहल पर बाड़मेर एवं बालोतरा में रेयर अर्थ एलिमेंट्स खनिजों से जुड़ी कुल 24 अन्वेषण परियोजनाएं प्रगतिरत हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इस संकल्प को पूरा करने में राजस्थान अपनी पूरी ऊर्जा के साथ योगदान दे रहा है और डबल इंजन की सरकार बनने के बाद से राजस्थान में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। 

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई तथा मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया। इस दौरान वे स्वयं भी इस यात्रा में शामिल हुए और कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। मुख्यमंत्री ने यात्रा की समाप्ति पर मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में अटल काव्य स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। 

मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, विधायक कैलाश वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, महेन्द्रपाल मीणा, गुरवीर सिंह बराड़, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, जयपुर नगर निगम महापौर सुनील कोठारी व उप महापौर सरोज कंवर सहित जिलाध्यक्ष, पार्षदगण, पूर्व सैनिक, लोक कलाकार गुलाबो सपेरा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में सभी जिलों से स्थानीय जनप्रतिनिधिगणों, पार्टी पदाधिकारियों एवं जन समूह ने वीसी के जरिए सहभागिता की।

Bhajan-Lal-Modi-Sewa

About The Author

Related Posts