Jodhpur Railway News: बिना टिकट सफर करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, रेलवे ने वसूले 1.16 करोड़

बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 15,805 मामलों में 116.33 लाख रुपए वसूले,धूम्रपान व गंदगी पर भी कार्रवाई

Published On

Jodhpur Railway Ticket Checking: जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट से यात्रा करने वालों पर सितंबर में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल की विभिन्न ट्रेनों में औचक जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टिकट जांच से निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व वसूली कर वाणिज्य शाखा ने उपलब्धि हासिल की।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार अभियान के दौरान ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर टिकट जांच के साथ यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। सितंबर में टिकट जांच से राजस्व वसूली का लक्ष्य 98 लाख 12 हजार रुपए निर्धारित था। इसके मुकाबले 18 लाख 22 हजार रुपए अधिक की वसूली हुई, जो लक्ष्य से 18.60 प्रतिशत ज्यादा है।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 10,465 मामलों में 76.39 लाख रुपए तथा अनियमित टिकट पर यात्रा के 5,340 मामलों में 39.94 लाख रुपए वसूले गए। इस तरह दोनों श्रेणियों में 15,805 मामलों से 116.33 लाख रुपए की वसूली हुई। इसके अलावा बिना बुक सामान के 9 मामलों में 1,910 रुपए जुर्माना वसूला गया।

धूम्रपान और गंदगी पर भी कार्रवाई

ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर धूम्रपान करने के 77 मामलों में 1.34 लाख रुपए तथा गंदगी फैलाने के 16 मामलों में 23 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। रेलवे नियमों के तहत बिना टिकट या अनियमित टिकट से यात्रा पर पांच सौ रुपए तक,गंदगी फैलाने पर एक हजार रुपए और धूम्रपान पर दो रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।

About The Author

Related Posts