Kulgam Encounter: सुरक्षाबलों ने लश्कर के टॉप कमांडर लतीफ भट को किया ढेर, 15 लाख रुपये का था इनाम

कुलगाम में हुई इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी

Published On

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट मारा गया। बताया जा रहा है कि लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से सुरक्षाबलों के निशाने पर था और कश्मीर में कई आतंकी वारदातों में उसकी तलाश की जा रही थी।

मस्जिद में छिपा था आतंकी, वीडियो कॉल पर दिया गया सरेंडर का मौका

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को जंगलपोरा गांव में लतीफ भट के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि लतीफ एक मस्जिद में छिपा हुआ था।

सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क करने की कोशिश की और उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद इलाके में मुठभेड़ हुई, जिसमें लतीफ भट मारा गया।

कौन था लतीफ भट? 2020 में छोड़ा था घर

लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले का रहने वाला था। उसका परिवार ख्रेवन चादर गांव में रहता है। बताया जाता है कि नवंबर 2020 में उसने अपना घर और परिवार छोड़ दिया था। इसके बाद वह लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया।

लतीफ की पहचान ऐसे आतंकी के रूप में बताई जाती थी, जो स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिलकर रहता था और छोटे-छोटे हमलों को अंजाम देता था। इसी वजह से उसकी गतिविधियों का पता लगाना सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बना हुआ था।

कई आतंकी हमलों में था शामिल

लतीफ भट पर कश्मीर में कई आतंकी हमलों में शामिल होने के आरोप थे। उस पर प्रवासी मजदूरों की हत्या से जुड़े मामले भी थे। इसके अलावा किश्तवाड़ जिले में दो पुलिस अधिकारियों की हत्या में भी उसकी भूमिका बताई गई थी।

वह लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के नाम पर भी आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता था। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों और नेटवर्क पर लंबे समय से नजर रख रही थीं।

CRPF नाके पर हमले में भी आया था नाम

कुलगाम जिले के नौपोरा अखरान इलाके में 11 नवंबर को बाइक सवार आतंकियों ने CRPF के नाके पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि इस हमले के पीछे भी लतीफ भट का हाथ था।

CRPF DG ने दी सुरक्षाबलों को बधाई

लतीफ भट के मारे जाने के बाद CRPF के महानिदेशक जीपी सिंह ने सुरक्षाबलों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "बधाई हो दोस्तों। कुछ व्यंजन ठंडे ही परोसे जाने पर सबसे अच्छे लगते हैं, भले ही मौसम ठंडा क्यों न हो।"

कुलगाम में हुई इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। हालांकि, इलाके में अन्य संदिग्धों और आतंकियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts