Modi Bengaluru Visit Update: 15 हजार करोड़ से अधिक की सौगात से गदगद हुआ कर्नाटक

पीएम मोदी ने दी मेट्रो-रेल और ऊर्जा परियोजनाओं को रफ्तार

Published On

Narendra Modi Karnataka Visit News: बेंगलुरु (सच कहूँ/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का मुख्य फोकस परिवहन सुविधाओं के विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने पर है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये योजनाएं विकसित कर्नाटक के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को भी मजबूती देंगी।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने राज्यपाल सुधा यादव के जीवन और देशसेवा के प्रति उनके समर्पण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उनके पति ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके बाद भी सुधा यादव ने सार्वजनिक जीवन में रहकर राष्ट्रसेवा का मार्ग जारी रखा। प्रधानमंत्री ने उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कर्नाटक की जनता के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

बेंगलुरु के विकास को मिलेगा नया आधार

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक प्रगति में मजबूत बुनियादी ढांचे की अहम भूमिका होती है। बेहतर सड़क, रेल और मेट्रो सुविधाओं से उद्योगों को बढ़ावा मिलता है, रोजगार के नए अवसर बनते हैं और आम लोगों का आवागमन आसान होता है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में शुरू की गई नई परियोजनाएं राज्य की विकास यात्रा को गति देंगी। इससे बेंगलुरु की टेक्नोलॉजी और आईटी हब के रूप में पहचान को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पीएम मोदी ने नम्मा मेट्रो के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क लगभग 14 किलोमीटर तक सीमित था, जबकि अब बेंगलुरु में मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा ऐसा शहरी क्षेत्र बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क ने 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार किया है। मेट्रो विस्तार से शहर में यातायात का दबाव कम करने और लोगों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

वंदे भारत ट्रेन से कर्नाटक और गोवा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक को मिली नई रेल सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि राज्य को हाल ही में पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सुविधा मिली थी। इसके अलावा कर्नाटक और गोवा को जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन भी शुरू की गई है। इससे तटीय क्षेत्रों के यात्रियों को आधुनिक और तेज रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। विशेष रूप से मंगलुरु सहित तटीय कर्नाटक के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ऊर्जा सुरक्षा को भारत की विकास रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी संघर्ष और खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता ने ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा का महत्व और बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में भारत ने पेट्रोलियम उत्पादों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कच्चे तेल का भंडार तैयार करने और सौर, पवन तथा जलविद्युत जैसे ऊर्जा स्रोतों के विस्तार पर काम किया है। इसके साथ ही रेलवे का विद्युतीकरण और मेट्रो जैसी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में भी प्रयास किए गए हैं।

सौर ऊर्जा में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा भारत

पीएम मोदी ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश सौर ऊर्जा और नई ऊर्जा तकनीकों में अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों को बिजली उत्पादन से जोड़ने वाली योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब लोग केवल बिजली का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली बनाने वाले उत्पादक भी बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मध्यम वर्ग की आर्थिक बचत बढ़ाना, उनकी क्रय शक्ति मजबूत करना और परिवारों को अपने सपने पूरे करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि कर्नाटक में शुरू हुई परियोजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था और देश की समग्र विकास यात्रा को नई गति देंगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts