Rajasthan Police News: राजस्थान में पुलिस का प्रदेशव्यापी प्रहार, ताबड़तोड़ दबिश; 7,744 गिरफ्तार

55 ईनामी, 354 हार्डकोर-हिस्ट्रीशीटर और 922 स्थायी वारंटी सलाखों के पीछे

Published On

Rajasthan Police Operation: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान में वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, असामाजिक तत्वों और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने लोगों के खिलाफ पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में प्रदेशभर की पुलिस ने एक साथ कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। अभियान के लिए राजस्थान पुलिस की 2,961 विशेष टीमें बनाई गईं। इनमें करीब 12,151 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। टीमों ने अलग-अलग जिलों में चिन्हित 17,049 ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 7,744 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।

इनामी और हार्डकोर अपराधियों पर विशेष फोकस

अभियान के दौरान पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित लोगों के साथ-साथ संगठित अपराध से जुड़े आरोपियों, मादक पदार्थ तस्करों और आदतन अपराधियों को भी निशाना बनाया। कार्रवाई के दौरान 55 इनामी अपराधी पकड़े गए। इसके अलावा 354 हार्डकोर अपराधियों, सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों और मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित 95 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में 141 आरोपी तथा आबकारी अधिनियम के मामलों में 173 लोगों को पकड़ा गया।

वारंटियों और फरार आरोपियों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने न्यायालय से जुड़े मामलों में फरार चल रहे स्थायी वारंटियों, उद्घोषित अपराधियों और बीएनएसएस की धारा 335 के तहत वांछित 922 आरोपियों को गिरफ्तार किया।फायरिंग और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में चालान किए जा चुके 164 सक्रिय अपराधियों को भी अभियान के दौरान पकड़ा गया। इसके अलावा पुलिस ने 787 नए प्रकरण दर्ज किए। सामान्य मामलों में वांछित 677 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में 3,283 व्यक्तियों और अन्य मामलों में 1,756 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जिलेवार कार्रवाई में कई जिलों में पुलिस ने बड़ी संख्या में आरोपियों को पकड़ा। टोंक जिले में 97 टीमों ने 363 स्थानों पर दबिश देकर 407 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जो अभियान के दौरान प्रमुख उपलब्धियों में रहा। भीलवाड़ा में 133 टीमों ने 305 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 330 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं अजमेर में 122 टीमों ने 598 ठिकानों पर दबिश देकर 280 लोगों को पकड़ा।

उदयपुर में 115 टीमों ने 932 ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 354 गिरफ्तारियां कीं। झालावाड़ में 194 आरोपी पकड़े गए, जिनमें 70 हार्डकोर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर शामिल रहे। चित्तौड़गढ़ में 89 टीमों की कार्रवाई में 165 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके अतिरिक्त धौलपुर में 246, बीकानेर में 204, डीग में 291, हनुमानगढ़ में 241, चूरू में 233, पाली में 226 और अलवर में 207 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

जयपुर में भी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

राजधानी जयपुर में भी पुलिस ने अभियान के दौरान व्यापक कार्रवाई की। जयपुर वेस्ट में 51 टीमों ने 332 स्थानों पर दबिश देकर 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 27 हार्डकोर अपराधी और 30 स्थायी वारंटी शामिल रहे। जयपुर नॉर्थ में 41 टीमों ने 196 ठिकानों पर कार्रवाई कर 178 आरोपियों को पकड़ा। जयपुर ईस्ट में 60 टीमों ने 354 स्थानों पर दबिश देकर 173 लोगों को गिरफ्तार किया।जयपुर साउथ में 48 टीमों ने 299 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 142 आरोपियों को पकड़ा। वहीं जयपुर ग्रामीण पुलिस की 61 टीमों ने 430 स्थानों पर दबिश देकर 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जोधपुर ईस्ट में 48 पुलिस टीमों ने 426 ठिकानों पर जांच और दबिश की कार्रवाई की। यहां 178 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनमें 10 हार्डकोर अपराधी और 58 स्थायी वारंटी शामिल थे। जोधपुर वेस्ट में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने 216 स्थानों पर कार्रवाई कर 67 आरोपियों को पकड़ा। इनमें 11 इनामी बदमाश और 23 स्थायी वारंटी शामिल रहे। रेलवे क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। जीआरपी अजमेर ने 18 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया, जबकि जीआरपी जोधपुर की कार्रवाई में 40 लोगों को पकड़ा गया।

राजस्थान पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों, आदतन अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, अवैध हथियारों से जुड़े आरोपियों और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना रहा। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों के माध्यम से अपराधियों पर दबाव बढ़ाने और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। 

About The Author

Related Posts