Ek Mulaqat Kolkata: समाज में बदलाव लाने में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका अहम: गजेन्द्र सिंह शेखावत

केंद्रीय मंत्री ने कोलकाता में आयोजित ‘एक मुलाकात’ कार्यक्रम में प्रभा खेतान फाउंडेशन के कार्यों को सराहा

Published On

Ek Mulaqat Kolkata: जयपुर, (सच कहूँ न्यूज़)। समाज में बहुत-से ऐसे कार्य हैं, जिन्हें सरकार नहीं कर सकती, लेकिन सामाजिक संस्थाएं उन्हें प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाती हैं। इन्हीं संस्थाओं में प्रभा खेतान फाउंडेशन एक महत्वपूर्ण नाम है। प्रभा खेतान जी ने सामाजिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से फाउंडेशन की नींव रखी, जो निरंतर सार्थक और सक्रिय प्रयासों के साथ भारत की सांस्कृतिक पहचान एवं विरासत को सहेजने और संरक्षित करने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।

देश के विकास में संस्कृति और कला की विविध विधाओं को नए आयाम देने की दिशा में भी फाउंडेशन का योगदान उल्लेखनीय है। फाउंडेशन साहित्य, कला, संगीत, लोक कला और कलाकारों के संरक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय है।” यह बात केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कोलकाता में आयोजित प्रभा खेतान फाउंडेशन की पहल ‘एक मुलाकात’ के दौरान कही।

इस अवसर पर राजस्थान फोरम के संस्थापक और फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी, संदीप भूतोड़िया ने कहा कि "फाउंडेशन साहित्य, कला, लोक कला, बोली और भाषा के साथ-साथ कलाकारों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री का यह प्रवास बंगाल के लिए महत्वपूर्ण है। उन्हें आशा है कि ‘एक मुलाकात’ के माध्यम से कलाकारों और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों की आवाज को एक सार्थक मंच बनेगा।"

उल्लेखनीय है कि श्री भूतोड़िया न केवल देशभर में, बल्कि विशेष रूप से जयपुर और राजस्थान में सांस्कृतिक गतिविधियों के सक्रिय प्रवर्तक रहे हैं। जयपुर में उन्होंने कई ऐसी पहलें की हैं, जिन्होंने शहर की कला, साहित्य और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। प्रभा खेतान फाउंडेशन (पीकेएफ) के अंतर्गत श्री भूतोड़िया द्वारा विशेष रूप से क्यूरेट किए गए 'एन ऑथर्स आफ्टरनून', 'आखर', 'चौपाल', 'एक मुलाकात', 'कलम', 'किताब', 'लफ्ज', 'टेट-ए-टी', 'द राईट सर्किल' और 'द यूनिवर्स राईट्स' जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रमों के आयोजन में जयपुर एक प्रमुख केंद्र रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से देश-विदेश के साहित्यकारों, कलाकारों और साहित्य प्रेमियों को जयपुर से जोड़ते हुए शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध किया गया है।  

कार्यक्रम में अहसास वूमेन की एशा दत्ता ने स्वागत वक्तव्य दिया। शैफाली रावत अगरवाल ने प्रभा खेतान फाउंडेशन के कार्यों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। इस विशेष अवसर पर अहसास वूमेन एवं ओडिसी नृत्यांगना डोना गांगुली तथा फाउंडेशन की कार्यकारी ट्रस्टी अनिन्दिता चटर्जी ने केंद्रीय मंत्री को उत्तरीय एवं स्मृति-चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में एशा दत्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस सांस्कृतिक सम्मेलन में कला, साहित्य, सिनेमा, संगीत, रंगमंच, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई विशिष्ट हस्तियां उपस्थिति रही। कार्यक्रम में इन प्रतिष्ठित हस्तियों की सहभागिता ने ‘एक मुलाकात’ को कला, संस्कृति, साहित्य और संवाद का एक समृद्ध मंच प्रदान किया।

About The Author

Related Posts