शिक्षा और रोजगार
Sirsa News: ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रदर्शनी में नन्हें हाथों की गढ़ी हुई सुंदर कलाकृतियां देख अतिथि भी हुए कायल
सरकारी स्कूल में लगी प्रदर्शनी, बाल वाटिका से पांचवीं तक के बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। जिसे लोग कबाड़ समझकर फेंक देते हैं, उसे नन्हें हाथों ने अपनी कल्पनाशक्ति से खूबसूरत कलाकृतियों में बदल दिया। राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय चतरगढ़पट्टी में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कबाड़ से जुगाड़ प्रदर्शनी लगाई गई। बाल वाटिका से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बेकार वस्तुओं से तैयार आकर्षक मॉडल और कलाकृतियां प्रदर्शित कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
प्राचार्या कृष्णा देवी कड़वासरा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शनी का भाजपा जिला अध्यक्ष यतींद्र सिंह एडवोकेट, क्लीन अर्थ प्रोजेक्ट के संचालक ललित जैन, द आर्यन स्कूल के निदेशक अनूप गर्ग और मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी पुरु रोहिल्ला, प्राइमरी स्कूल के हैडमास्टर बंसी लाल झोरड सहित अन्य अतिथियों ने अवलोकन किया। बच्चों ने तिलक और पुष्पगुच्छ से अतिथियों का स्वागत किया। कलाकृतियां देखकर अतिथियों ने बच्चों की कल्पनाशक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की।
यतींद्र सिंह ने कहा कि करीब 700 विद्यार्थियों वाले इस सरकारी स्कूल का वातावरण और बच्चों की प्रतिभा प्रभावित करने वाली है। उन्होंने स्कूल की उपलब्धियों को शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। पुरु रोहिल्ला ने बच्चों को स्टार बताते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की और कुछ चुनिंदा कलाकृतियां प्रशासनिक अधिकारियों को दिखाने के लिए अपने साथ ले गए।
मुख्य शिक्षक बंसी लाल झोरड़ ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना विद्यालय का उद्देश्य है। प्रदर्शनी ने संदेश दिया कि सही अवसर मिले तो सरकारी स्कूलों के बच्चे भी अपनी कल्पनाशक्ति से नई मिसाल कायम कर सकते हैं। इस अवसर पर सुमन कम्बोज, सोनिया कटारिया, विनिता कुमारी, रामनिवास, सुमन कुमारी, सुनीता देवी, सुमन लाम्बा, कविता शर्मा, विनय कुमारी, प्रीति बाला, संतोष सेठी, उर्मिला देवी, उषा रानी, संगीता मलिक, कोमल रानी, नीतू, वीणा आदि उपस्थित थे।