Missing News: खाना खाकर सोईं दो नाबालिग सहेलियां, सुबह घर से मिलीं गायब

- फेफाना थाना पुलिस ने अपहरण के आरोप में दर्ज किया मामला

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। फेफाना थाना क्षेत्र से दो नाबालिग सहेलियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों 28 सितंबर की रात खाना खाने के बाद अपने-अपने घरों में परिवार के साथ सोई थीं, लेकिन सुबह घर पर नहीं मिलीं। परिजनों की रिपोर्ट पर फेफाना थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार दो नाबालिगों के परिजनों ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि दोनों 28 सितंबर की रात खाना खाने के बाद अपने-अपने घरों में परिवार के साथ सोई थीं। सुबह उठने पर दोनों घरों पर नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश की तथा रिश्तेदारियों में भी पूछताछ की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।

इसी दौरान गांव में फर्नीचर की दुकान करने वाले एक दुकानदार ने परिजनों को बताया कि वह रात करीब 12 बजे दुकान पर काम कर रहा था। उस समय उसने गुरुद्वारा के पास पीपल गेट के नजदीक दो लड़कियों को खड़े हुए देखा था। परिजनों ने पुलिस से दोनों नाबालिगों की तलाश कर उन्हें सकुशल दस्तयाब करने की गुहार लगाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी सुरेश मील कर रहे हैं।

About The Author

Related Posts