Exam News: आज से शुरू, 10वीं-12वीं और डीएलएड की परीक्षाएं

सरसा में बनाए गए है 6 परीक्षा केंद्र

Published On

Exam News: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की अक्टूबर-2026 की सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी शैक्षणिक/ओपन परीक्षा के साथ डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षाएं भी आज 1 अक्टूबर से शुरू होंगी। सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाओं में सीटीपी, ओसीटीपी, पुन: परीक्षा, कंपार्टमेंट, ईआईओपी, आंशिक सुधार, पूर्ण सुधार और अतिरिक्त विषय के परीक्षार्थी शामिल होंगे।

10वीं की परीक्षा 13 अक्टूबर, 12वीं की 22 अक्टूबर और डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा 23 अक्टूबर तक चलेगी। अधिकांश पेपर दोपहर 2 से 5 बजे के बीच होंगे। सरसा में परीक्षा के लिए 6 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आरएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेला ग्राउंड, न्यू सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल शाहपुर बेगू, आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल आर्य समाज रोड और आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठमंडी शामिल हैं।

10वीं में 3 अक्टूबर को गणित

सेकेंडरी की परीक्षा 1 अक्टूबर को संस्कृत से शुरू होगी। इसके बाद 3 अक्टूबर को गणित स्टैंडर्ड व बेसिक, 5 अक्टूबर को सामाजिक विज्ञान, 6 अक्टूबर को अंग्रेजी, 7 अक्टूबर को विज्ञान और 8 अक्टूबर को हिंदी की परीक्षा होगी। 9 अक्टूबर को पंजाबी तथा 12 अक्टूबर को उर्दू, संस्कृत व्याकरण सहित विभिन्न विषयों के पेपर होंगे। 13 अक्टूबर को गृह विज्ञान की परीक्षा के साथ 10वीं की परीक्षा समाप्त होगी।

12वीं में 15 अक्टूबर को गणित

सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा भी 1 अक्टूबर को अंग्रेजी कोर व अंग्रेजी इलेक्टिव से शुरू होगी। 3 अक्टूबर को आईटी-आईटीईएस, हेल्थकेयर, ब्यूटी एंड वेलनेस और एग्रीकल्चर से जुड़े एनएसक्यूएफ विषयों की परीक्षा होगी। 5 अक्टूबर को हिंदी कोर व इलेक्टिव, 6 अक्टूबर को एग्रीकल्चर व फिलॉसफी, 7 अक्टूबर को राजनीति विज्ञान, 8 अक्टूबर को फाइन आर्ट्स व भूगोल और 9 अक्टूबर को होम साइंस की परीक्षा होगी।

इसके बाद 12 अक्टूबर को भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र, 13 अक्टूबर को रसायन विज्ञान, अकाउंटेंसी व लोक प्रशासन, 14 अक्टूबर को इतिहास व जीव विज्ञान और 15 अक्टूबर को गणित का पेपर होगा। इसके बाद 16 अक्टूबर को शारीरिक शिक्षा, 17 अक्टूबर को बिजनेस स्टडीज, पंजाबी व संगीत, 19 अक्टूबर को कंप्यूटर साइंस व समाजशास्त्र, 21 अक्टूबर को संस्कृत, उर्दू व बायो-टेक्नोलॉजी तथा 22 अक्टूबर को मनोविज्ञान, उद्यमिता व नृत्य की परीक्षा होगी।

डीएलएड प्रथम वर्ष के 9 पेपर

डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा 1 अक्टूबर को बाल्यावस्था एवं बच्चों का विकास विषय से शुरू होगी। 5 अक्टूबर को शिक्षा, समाज, पाठ्यचर्या एवं शिक्षार्थी, 7 अक्टूबर को पाठ्यचर्या के आर-पार शिक्षाशास्त्र, आईसीटी एवं एक्शन रिसर्च और 9 अक्टूबर को समकालीन भारतीय समाज का पेपर होगा। इसके बाद 13 अक्टूबर को गणित शिक्षा की दक्षता एवं शिक्षाशास्त्र, 15 अक्टूबर को पर्यावरण अध्ययन की दक्षता एवं शिक्षाशास्त्र, 17 अक्टूबर को अंग्रेजी भाषा में दक्षता, 21 अक्टूबर को हिंदी भाषा में दक्षता तथा 23 अक्टूबर को उर्दू, पंजाबी और संस्कृत भाषा में दक्षता के पेपर होंगे। अंतिम दिन परीक्षा का समय दोपहर 2 से 4 बजे रहेगा।

मोबाइल-कैलकुलेटर पर रोक, दिव्यांगों को अतिरिक्त समय

बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं। दिव्यांग परीक्षार्थियों तथा डिस्लेक्सिया, डिस्ग्राफिया, डिस्कैल्कुलिया, डिस्प्रैक्सिया और विकासात्मक अफेजिया जैसी स्थितियों वाले विद्यार्थियों को लेखक की सुविधा के साथ प्रत्येक घंटे के लिए 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए सत्यापित फोटो वाला वैध प्रवेश-पत्र जरूरी होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन और कैलकुलेटर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। इनके मिलने पर अनुचित साधन का मामला दर्ज किया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रवेश-पत्र और परीक्षा केंद्र पर जारी सभी निर्देशों का पालन करना होगा।

About The Author

Related Posts