Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में सुबह-सुबह दहशत में आए लोग!
5.3 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती
Afghanistan Earthquake: नई दिल्ली, (सच कहूँ/एजेंसी)। अफगानिस्तान में गुरुवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह करीब 6:59 बजे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 दर्ज की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
अफगानिस्तान में पिछले कुछ समय से लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में इस साल कई बार धरती हिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले 7 सितंबर की सुबह अफगानिस्तान में भूकंप आया था। उस समय भूकंप की तीव्रता 4.1 दर्ज की गई थी। NCS के मुताबिक, इसका केंद्र जमीन के करीब 130 किलोमीटर नीचे था। उस घटना में भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली थी।
अगस्त में 15 लोग हुए थे घायल
अगस्त में पूर्वी नंगरहार प्रांत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस दौरान रिक्टर स्केल पर 4.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। तेज झटकों के कारण 15 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इस साल 27 जून को अफगानिस्तान में इससे कहीं अधिक तीव्रता वाला भूकंप दर्ज किया गया था। NCS के अनुसार इसकी तीव्रता 6.2 थी। इस भूकंप के झटके अफगानिस्तान के अलावा दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के कई इलाकों में भी महसूस किए गए थे। NCS के मुताबिक उस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था और घटना स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 7:04 बजे दर्ज की गई थी।
ताजिकिस्तान में भी आया था भूकंप
अफगानिस्तान के आसपास के क्षेत्र में भी हाल के दिनों में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज हुई हैं। 10 सितंबर 2026 को ताजिकिस्तान में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। NCS के आंकड़ों के अनुसार इसका केंद्र 37.907 अक्षांश और 72.742 देशांतर पर था, जबकि गहराई करीब 132 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के फैजाबाद शहर से लगभग 213 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बताया गया था।फिलहाल गुरुवार सुबह आए 5.3 तीव्रता के भूकंप के बाद किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।