मुकदमे की पैरवी पर अधिवक्ता को हत्या की धमकी, छवि धूमिल करने को लगाया बैनर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में वकालत करने वाले एक अधिवक्ता ने कुछ लोगो पर मुकदमें की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी देने तथा छवि खराब करने के उद्देश्य से अपने घर के बाहर पलायन का बैनर लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है।
कस्बे के मोहल्ला आलकलां निवासी आजम ने कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि वह कैराना स्थित जनपद एवं सत्र न्यायालय में वकालत करता है। वह इसरार पुत्र फैय्याज के एक मामले में अधिवक्ता है। विगत 28 सितंबर को मोहल्ले के ही तीन लोगों ने उसे कोर्ट जाते समय रास्ते में रोक लिया और धमकी दी। कहा कि इसरार के मामले में कोई पैरवी नही करनी है। यदि आज के बाद इसरार के मामले में कोई पैरवी की तो तुझे जान से मार देंगे। पत्र में आरोप है कि आरोपियों ने उसकी तथा उसके परिवार के लोगो की छवि खराब करने के उद्देश्य से अपने घर के बाहर एक बैनर लगाया है, जिसमें 'योगी तेरे राज में, पलायन को मजबूर' लिखा गया है।
आरोपियों के द्वारा उसे तथा उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के है, जिनके खिलाफ कैराना व शामली कोतवाली में कई मुकदमें दर्ज है। आरोपी उसका तथा परिवार के लोगो का मानसिक शोषण कर रहे है तथा झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दे रहे है। शिकायती-पत्र में आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की गई है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। जांच करके अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।