गांव झांसल में खेत विवाद को लेकर युवक को लाठी-कसिए से पीटा, चार लोगों पर आरोप

सीने और पैर पर कसिए से वार का आरोप, चार लोगों पर हमला करने का आरोप

Published On

हनुमानगढ़। Hanumangarh Crime: भिरानी थाना क्षेत्र के गांव झांसल में खेत में कुआं चलाने से रोकने को लेकर विवाद के बाद युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने युवक पर लाठी और कसिए से हमला किया। मारपीट में उसके सीने और पैर पर चोटें आईं। मामले में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। फिलहाल भिरानी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार राजेन्द्र (40) पुत्र पृथ्वी सिंह वाल्मीकि निवासी गांव झांसल ने थाने में रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि उसके खेत में विक्रम पुत्र प्रभाती, बिट्टू पुत्र लालचंद, दाताराम पुत्र लालचंद और प्रभाती पुत्र लालचंद कुआं चला रहे थे। उन्हें कुआं चलाने से मना किया तो आरोपियों ने कहा कि यह उनके पिता की जमीन है और उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है।

इसके बाद आरोपियों ने परिवादी के भाई राजकुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। विक्रम ने कसिए से राजकुमार के सीने पर वार किया, जिससे चोट आई, जबकि दाताराम ने उसके पैर पर वार किया। परिवादी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि पेड़ के नीचे बैठे प्रभाती ने राजकुमार को जान से मारने के लिए उकसाया। प्रभाती ने कहा कि उसने पहले भी सुभाष नाम के व्यक्ति की हत्या की थी और उस मामले में उसका कुछ नहीं बिगड़ा, अब वह राजकुमार की हत्या भी कर देगा। परिवादी के अनुसार प्रभाती ने अपने पास पैसे होने की बात कहते हुए दोनों भाइयों को जान से मारने के लिए भी कहा। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।

 

 

About The Author

Related Posts