Hanumangarh Road Accident: तेज रफ्तार बाइक ने युवक को मारी टक्कर, गंभीर हालत में जयपुर रेफर

जागरण से लौटते समय हुआ हादसा, बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में नोहर-भादरा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 25 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे हुआ। घायल को उपचार के लिए पहले सिरसा और बाद में जयपुर रेफर किया गया है। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हरदेवाराम (65) पुत्र मनीराम स्वामी निवासी परलीका तहसील नोहर ने रिपोर्ट दी कि 25 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे उनका पुत्र पृथ्वीदास (41) पड़ोसी मनीराम लुहार के यहां आयोजित जागरण में गया हुआ था। जागरण से वापस लौटते समय नोहर-भादरा मुख्य मार्ग पर मनीराम के घर के पास तेज गति से आ रही मोटर साइकिल नंबर आरजे 49 एसएफ 4305 ने पृथ्वीदास को टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर के बाद चालक बाइक लेकर नोहर की तरफ फरार हो गया।

हादसे में पृथ्वीदास को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए नोहर से सिटी केयर हॉस्पिटल सिरसा ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर स्थित निम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। परिवादी हरदेवाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक चेतराम को सौंपी गई है। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Related Posts