Toll Worker Murder Case: टोलकर्मी की हत्या का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध

पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 100 से ज्यादा होटलों के रिकॉर्ड खंगाले

Published On

Toll Worker Murder Case: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। मुंसरी टोल प्लाजा पर टोलकर्मी की हत्या के मामले में गोगामेड़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। सोमवार को गोगामेड़ी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 100 से अधिक होटलों के रिकॉर्ड जांचे और करीब 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।

एसपी ने बताया कि 23 सितंबर की रात गोगामेड़ी की ओर से बाइक सवार तीन युवक मुंसरी टोल प्लाजा पहुंचे थे। आरोपियों ने गलत लेन में प्रवेश किया, जिस पर टोलकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर टोलकर्मी कारूलाल नागर पुत्र शोभाराम निवासी बोरखेड़ी, नागर मोहल्ला जिला झालावाड़ के पेट में चाकू मार दिया। एक अन्य टोलकर्मी धर्मवीर पुत्र आदराम की पीठ पर भी चाकू से वार किया गया।

एसपी के अनुसार, आरोपियों के पास तलवार भी थी, जिसे लहराते हुए तीनों मौके से फरार हो गए। घायल कारूलाल नागर को तत्काल एम्बुलेंस से गोगामेड़ी ले जाया गया, जहां से उसे भादरा रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में गोगामेड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया।

मेला देखने के बाद टोल पर पहुंचे थे आरोपी

एसपी के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक बाइक नंबर एचआर 20 बीडी 7471 पर सवार होकर गोगामेड़ी मेले में पहुंचे थे। वहां से वापस लौटते समय रात करीब 3 बजे मुंसरी टोल प्लाजा पहुंचे, जहां टोलकर्मियों से विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर नोहर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी के निकटतम सुपरविजन में भादरा डीएसपी कुलदीप सिंह और गोगामेड़ी थाना प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

300 से अधिक लोगों से पूछताछ, हरियाणा तक तलाश

पुलिस टीमों ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा 100 से अधिक होटलों का रिकॉर्ड चैक किया गया तथा 300 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र के साथ हरियाणा में 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार मानवीय एवं तकनीकी आसूचना तथा फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद एक आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया। बापर्दा गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित (19) पुत्र नरेश धानक निवासी नवदीप कॉलोनी, आनंद नगर, हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से प्रकरण में गहनता से अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

एसपी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ करने वाली पुलिस टीम में गोगामेड़ी थाना प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया, एएसआई अक्षय कुमार, एएसआई प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल रमेश, कांस्टेबल मदन, कृष्ण कुमार, नरसीराम व राकेश, एसआई नरेन्द्र, डीएसटी प्रभारी एएसआई धर्मपाल, हेड कांस्टेबल सुखदेव, कालूराम, भजनलाल, कांस्टेबल सुभाष चंद्र, मनीष, रोशन व अमित, एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल नरेश, राजपाल, कांस्टेबल सुभाष, मनीष, रवि, कुलदीप, शुभम व देवीलाल शामिल रहे। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर नोहर के कांस्टेबल मनीष की विशेष भूमिका रही।

About The Author

Related Posts