शिक्षा और रोजगार
Sardar Vallabhbhai Patel Jayanti: सरदार पटेल जयंती पर दौड़ा हनुमानगढ़, पुलिस ने दिया फिटनेस और एकता का संदेश
एसपी बी आदित्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की 5 किमी मैराथन
Sardar Vallabhbhai Patel Jayanti: हनुमानगढ़(सच कहूँ न्यूज़)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके तहत सोमवार को राजीव गांधी स्टेडियम से 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ आयोजित की गई। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मैराथन राजीव गांधी स्टेडियम से शुरू होकर करणी चौक, तिलक सर्किल, सर्किट हाउस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं जिला परिषद होते हुए वापस राजीव गांधी स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मैराथन में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, एससीएसटी सेल उप पुलिस अधीक्षक करण सिंह, जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वा, टाउन थाना प्रभारी लखवीर, महिला थाना प्रभारी चंद्रकला, सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल, यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा सहित पुलिस लाइन, एसपी कार्यालय, एएसपी कार्यालय एवं विभिन्न थानों का पुलिस स्टाफ शामिल हुआ।
मैराथन में स्कूलों के विद्यार्थियों, छोटे बच्चों और आमजन ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों, युवाओं एवं आमजन को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा खेलकूद एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन के माध्यम से शारीरिक गतिविधियों के साथ मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश भी दिया गया। मैराथन के साथ पुलिस लाइन में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खेल गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया गया।
फिजिकल फिटनेस के साथ मानसिक फिटनेस भी जरूरी : एसपी
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले में खेल कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। 5 किलोमीटर मैराथन में पुलिस स्टाफ के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले युवाओं और स्कूली बच्चों को भी हिस्सा लेने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि फिजिकल फिटनेस के साथ मानसिक फिटनेस भी बेहद महत्वपूर्ण है। आज के समय में बच्चों का मानसिक रूप से स्वस्थ और फिट रहना आवश्यक है तथा शारीरिक व्यायाम एवं खेलकूद इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसपी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे प्रेरणास्रोत एवं महान व्यक्तित्वों के जीवन और उनके मूल्यों से बच्चों एवं युवाओं को अवगत करवाना जरूरी है, ताकि वे उनसे प्रेरणा लेकर उन मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकें। सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन एकता, अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती के मौके पर आयोजित खेल गतिविधियों के जरिए युवाओं को फिटनेस, खेल भावना, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
