शिक्षा और रोजगार
RESTA Conference: शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने से लेकर शिक्षकों की समस्याओं तक मंथन
रेस्टा का दो दिवसीय जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन सम्पन्न
RESTA Conference: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ (रेस्टा) का जिला स्तरीय दो दिवसीय शिक्षक सम्मेलन ब्राह्मण धर्मशाला, रावतसर में आयोजित हुआ। सम्मेलन में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा संगठन को मजबूत बनाने सहित कई मुद्दों पर मंथन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रावतसर ओमप्रकाश सुथार, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरीश बेनीवाल, आरपी संजीव सहित अन्य शिक्षाविद मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र के बाद आयोजित खुले सत्र में हरीश बेनीवाल ने वरिष्ठ अध्यापकों से संघ को मजबूत बनाने का आह्वान किया और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। सम्मेलन में संघ के एजेंडे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
सम्मेलन में सातवें वेतन आयोग की विसंगतियां दूर करने, आठवें वेतन आयोग में वरिष्ठ अध्यापकों को लाभ दिलाने, नवक्रमोन्नत विद्यालयों में नवीन पद सृजित करने, शिक्षकों के लिए बोर्ड परीक्षा परिणाम में सत्रांक के अतिरिक्त 40 प्रतिशत की अनिवार्यता लागू नहीं करने, वरिष्ठ अध्यापकों की डीपीसी शीघ्र करने तथा स्टाफिंग पैटर्न में वरिष्ठ अध्यापकों के छह पद रखे जाने सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में नवक्रमोन्नत विद्यालयों तथा प्रत्येक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अनिवार्य विषयों के व्याख्याता पद सृजित किए जाने की मांग रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने संघ को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ अध्यापकों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। सम्मेलन में सदस्यता अभियान में और तेजी लाने तथा अन्य ब्लॉकों की कार्यकारिणी गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। गोपाल शर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना, शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों को सक्षम बनाना है।
जिला उपाध्यक्ष शिवप्रकाश बिश्नोई ने कहा कि आने वाले समय में रेस्टा जिले में शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और सहयोग की भावना को मजबूत करेगा। संगठन शिक्षकों की उचित मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और उन्हें पूरा करवाने के लिए सतत प्रयास करेगा। वक्ताओं ने शिक्षक कल्याण, पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं और सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर भी गंभीरता से कार्य करने की बात कही।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी योजनाओं और शिक्षक संवाद कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। मंच संचालन प्रवक्ता गुरजंट सिंह ने किया। सम्मेलन में जिला महामंत्री सुभाष गोदारा, जिला कार्यकारिणी सदस्य आशा शर्मा, रामकुमार, गुरप्रीत सिंह, रविशंकर पारीक, सुरेंद्र शर्मा, रावतसर ब्लॉक अध्यक्ष जय नारायण मटोरिया, ब्लॉक महामंत्री पवन शर्मा, महिला मंत्री आशा शर्मा, सुमित्रा चौधरी, सुशीला चौधरी, अनूप सुथार, राकेश जांगिड़, राकेश बसर, संगरिया ब्लॉक अध्यक्ष सहित विभिन्न ब्लॉकों के कार्यकारिणी सदस्य और वरिष्ठ अध्यापक मौजूद रहे।