Indian Railway News: जोधपुर वासियों के लिए रेलवे की सौगात, त्यौहारों पर चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेनें
दानापुर, मऊ और चेन्नई के लिए 26 ट्रिप, दीपावली पर यात्रियों का घर जाना होगा आसान
Indian Railway News: जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। त्यौहारों के दौरान बढ़ने वाले यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर से तीन प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। भगत की कोठी-दानापुर,जोधपुर-मऊ और जोधपुर-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवाएं अक्टूबर से दिसंबर तक संचालित होंगी। इन ट्रेनों से बिहार,उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि त्यौहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए इन स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
दानापुर के लिए 8 ट्रिप: ट्रेन संख्या 04813 भगत की कोठी-दानापुर साप्ताहिक स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार शाम 5.20 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04814 दानापुर-भगत की कोठी 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार शाम 7.10 बजे रवाना होगी। दोनों दिशाओं में जोधपुर,मेड़ता रोड,डेगाना,मकराना,फुलेरा,जयपुर,भरतपुर,टूंडला,इटावा,मिर्जापुर,पं. दीनदयाल उपाध्याय,बक्सर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
मऊ के लिए 9 ट्रिप: ट्रेन संख्या 04823 जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार शाम 5 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04824 मऊ-जोधपुर 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार सुबह 4 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर,भरतपुर,मथुरा,कानपुर,अयोध्या,आजमगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
चेन्नई के लिए 9 ट्रिप: ट्रेन संख्या 04815 जोधपुर-एमजीआर चेन्नई बीच साप्ताहिक स्पेशल 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार रात 9.20 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04816 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार शाम 5.15 बजे रवाना होगी। इसका ठहराव जयपुर,सवाई माधोपुर,भोपाल,इटारसी,नागपुर,विजयवाड़ा सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इन तीनों स्पेशल रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के क्रमशः 20, 22 और 24 डिब्बे होंगे।