श्री जलालआना साहिब में वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से जल्द मिलेगा छुटकारा

पीडब्ल्यूडी-बीएंडआर की ओर से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण जल्द करवाया जाएगा शुरू

Published On

Waterlogging issue: ओढ़ां, (सच कहूँ/राजू)। ओढ़ां खंड के गांव श्री जलालआना साहिब में वर्षों से बरसाती पानी के जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। कालांवाली से श्री जलालआना आने-जाने के लिए बनी बाहरी फिरनी की सड़क नीची होने के कारण बारिश के दिनों में यहां पानी जमा हो जाता था। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क कई बार जोहड़ का रूप ले लेती थी। इससे पैदल राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क के साथ लगते खाली प्लॉट में मिट्टी भर दिए जाने के बाद समस्या और गंभीर हो गई। पानी की निकासी का रास्ता बंद होने से बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता था। आसपास रहने वाले लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता था। पंचायत की ओर से कई बार पाइप लगाकर पानी की निकासी करवाई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी)-बीएंडआर की ओर से इस फिरनी पर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

450 फीट लंबी और 18 फीट चौड़ी बनेगी सड़क

एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केंद्र, मौज मस्तपुरा धाम, श्री जलालआणा साहिब की तरफ जाने वाले मोड़ से जलघर के नजदीक स्थित रास्ते तक करीब 450 फीट लंबी और 18 फीट चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। कार्य को मंजूरी पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन टेंडर और अन्य विभागीय औपचारिकताओं के कारण निर्माण शुरू होने में देरी हुई। अब विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।

बरसात में राहगीरों का निकलना होता था मुश्किल

गली निवासी सतपाल सिंह, दर्शन सिंह, काका सिंह, जंटा सिंह और पंच गुरमेल सिंह ने बताया कि फिरनी पर जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। बारिश होने के बाद सड़क पर इतना पानी जमा हो जाता था कि लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो जाता था। ग्रामीणों ने कहा कि नई सड़क बनने के बाद न केवल आसपास के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि कालांवाली और श्री जलालआना के बीच आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

फिरनी की हालत काफी खराब थी। बारिश के दिनों में यह सड़क जोहड़ का रूप ले लेती थी। पंचायत की ओर से कई बार पाइप लगाकर पानी की निकासी करवाई गई। अब नई सड़क बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। अधिकारियों से बातचीत हुई है और जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है।                  - अंग्रेज सिंह, सरपंच  

फिरनी का निर्माण विभाग की ओर से करवाया जाना है। करीब 450 फीट लंबी और 18 फीट चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। उम्मीद है कि निर्माण एजेंसी करीब एक सप्ताह में कार्य शुरू कर देगी। कुछ अन्य स्थानों पर चल रहे कार्य के साथ ही इस फिरनी का काम भी करवाया जाएगा।                     - रोहताश, पीडब्ल्यूडी-बीएंडआर के जेई

About The Author

Related Posts