UPITS-2026: यूपीआईटीएस में आएंगे 72 देशों के खरीदार, पांच लाख आगंतुकों की उम्मीद
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा ट्रेड शो; पार्किंग, ट्रैफिक और परिवहन व्यवस्था पर हुआ मंथन
ग्रेटर नोएडा (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 के चौथे संस्करण में इस बार करीब पांच लाख आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, यातायात विभाग, आरडब्ल्यूए तथा उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय बैठक में पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, यातायात डायवर्जन और आयोजन स्थल के आसपास सुचारु आवाजाही समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
यूपीआईटीएस-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता गौतमबुद्धनगर के एडीएम मंगलेंश दुबे ने की। इसमें इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार के अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आरडब्ल्यूए, उद्योग एवं व्यापार संघों, जिला प्रशासन और यातायात विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
पार्किंग और सार्वजनिक परिवहन पर दिया जोर बैठक में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और आयोजन स्थल तक आने-जाने की सुविधाओं को बेहतर बनाने के सुझाव दिए। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले आगंतुकों के आवागमन को सुगम बनाने तथा इंडिया एक्सपो सेंटर के आसपास यातायात का दबाव नियंत्रित रखने पर विशेष जोर दिया गया। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के साथ हुई चर्चा में यातायात डायवर्जन, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग प्रबंधन, परिवहन सुविधाओं और आयोजन स्थल के आसपास यातायात के सुचारु संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई। संभावित जलभराव और सड़कों की स्थिति को लेकर भी समय रहते आवश्यक इंतजाम करने पर चर्चा हुई।
पांच देशों की भागीदारी, मिलेंगे नए कारोबारी अवसर
उद्योग एवं व्यापार संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में यूपीआईटीएस के जरिए मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय कारोबारी अवसरों पर चर्चा हुई। इस बार रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर और वियतनाम की भागीदारी रहेगी। इससे प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को नए बाजारों में पहुंच बनाने, निवेश, सोर्सिंग और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारी के अवसर मिलने की उम्मीद है।
ट्रेड शो में कारोबारियों के लिए बी2बी बैठक की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यूपीआईटीएस-2026 ऐप के जरिए खरीदार और प्रदर्शक अपनी जरूरत के मुताबिक कारोबारी संपर्क तलाशने के साथ पहले से बी2बी बैठक तय कर सकेंगे। इससे ट्रेड शो के दौरान कारोबारी संवाद को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
72 देशों से हुआ खरीदारों का पंजीकरण: सुदीप सरकार
आईईएमएल के ईडी एवं सीईओ सुदीप सरकार ने बताया कि यूपीआईटीएस का अंतरराष्ट्रीय विस्तार लगातार बढ़ रहा है। अब तक 72 देशों के विदेशी खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है और आयोजन की तारीख नजदीक आने के साथ यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। पार्टनर देशों और वैश्विक कारोबारी संगठनों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की मुहिम को और मजबूती मिलेगी।
बी2बी और बी2सी वर्गों में पांच लाख आगंतुकों के आने की संभावना: एडीएम
एडीएम मंगलेंश दुबे ने कहा कि यूपीआईटीएस-2026 के बी2बी और बी2सी वर्गों में करीब पांच लाख आगंतुकों के आने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन, यातायात विभाग, स्थानीय समुदाय, उद्योग संगठनों और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस बार ओडीओपी के साथ प्रदेश सरकार की पहल ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ (ओडीओसी) भी आकर्षण का केंद्र होगी। इसके जरिए प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय स्वाद को प्रदर्शित किया जाएगा।उन्होंने लोगों से ट्रेड शो में खरीदार और आगंतुक के रूप में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमता को वैश्विक स्तर पर देखने-समझने का बड़ा अवसर है।
यूपीआईटीएस को प्रदेश के औद्योगिक, वाणिज्यिक, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य, टेक्सटाइल और तकनीकी उत्पादों के लिए एक व्यापक बाजार मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। चौथे संस्करण में कारोबार, सोर्सिंग, निवेश और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने के साथ आगंतुकों के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।