गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू की कैराना कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी
हरियाणा की करनाल जेल में बंद है गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू, हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बनाया है आरोपी
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana Crime News: हरियाणा की करनाल जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू की कैराना कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेशी हुई। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में राकेश उर्फ पंपू की सीजेएम कोर्ट में पेशी हुई है। शामली पुलिस गैंगस्टर को रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
विगत 26 अगस्त को हरियाणवी गायक अंकित बालियान की चार शूटरों ने सरेराह गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड की जांच के दौरान गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू का नाम प्रकाश में आने के बाद शामली पुलिस ने उसे आरोपी बनाया है। विवेचक ने कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में राकेश उर्फ पंपू के खिलाफ वारंट-बी जारी करने के लिए अर्जी डाली थी, जिस पर अदालत ने उसे तलब किया था, परन्तु सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए करनाल जेल प्रशासन ने उसे अदालत में पेश नही किया था। इसके बाद, मामले में सुनवाई के लिए 10 सितंबर की तारीख निर्धारित की गई थी। गुरुवार को देय तारीख को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये राकेश उर्फ पंपू को करनाल जेल से कैराना स्थित सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया।
अब शामली पुलिस पंपू को कस्टडी रिमांड(पीसीआर) पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उससे हत्याकांड की साजिश, शूटरों के संभावित सम्पर्क, वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों व अन्य आरोपियों से उसके सम्बन्धों समेत विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। पुलिस का प्रयास हत्याकांड से जुड़ी तमाम कड़ियों को जोड़ने व वारदात के पीछे की पूरी साजिश व नेटवर्क का पता लगाने का रहेगा। विदित रहे कि अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस दो शूटरों सुमित व मोहित को 31 अगस्त को ढेर कर चुकी है, जबकि दो अन्य शूटर अभी फरार है।
फरार शूटरों के नाम करनाल के सत्यम कादियान व आर्यन संधू बताए गए है। आर्यन संधू गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू का भांजा बताया जा रहा है। ऐसे में पंपू से होने वाली पूछताछ को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंपू पहले ही अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जता चुका है। करनाल जेल से उत्तर-प्रदेश पुलिस की कस्टडी में लाए जाने के दौरान उसने एनकाउंटर का खतरा जताते हुए पुलिस अधिकारियों व अदालत के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया था। वहीं, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एवं अंकित बालियान हत्याकांड के विवेचक धर्मेन्द्र गौतम ने राकेश उर्फ पंपू की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये करनाल जेल से कैराना कोर्ट में पेशी की पुष्टि की है।
