Sheranwali River: दड़बा कलां के पास शेरांवाली नहर टूटी, 25 एकड़ धान की फसल में जलभराव

अचानक करीब 40 फीट तक हुआ कटाव, खेतों में तेजी से पहुंचा पानी, नहराना हेड से बंद करवाई गई नहर

Published On

नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। गांव दड़बा कलां के समीप वीरवार दोपहर शेरांवाली नहर अचानक टूट गई। नहर में करीब 40 फीट तक कटाव होने से पानी तेजी से खेतों की ओर बढ़ गया। इससे करीब 25 एकड़ में खड़ी धान की फसल जलमग्न हो गई। नहर टूटने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर नहराना हेड से पानी बंद करवाया।

पांच मिनट पहले ही गुजरे थे कर्मचारी

जानकारी के अनुसार शेरांवाली नहर में दड़बा कलां के पास 31 हजार बुर्जी के समीप करीब तीन बजे अचानक किनारा धंस गया। उस समय खेतों में काम कर रहे किसानों ने नहर टूटने की सूचना सिंचाई विभाग को दी। विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखते हुए नहराना हेड से पानी की आपूर्ति बंद करवाई। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि वे घटना से करीब पांच मिनट पहले इसी स्थान से गुजरे थे,

लेकिन इसके कुछ ही देर बाद नहर का किनारा अचानक धंस गया। पानी खेतों की तरफ तेजी से बढ़ने से किसानों में हड़कंप मच गया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार नहर में पानी पूरी तरह बंद होने के बाद टूटे हिस्से की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल विभाग की टीम स्थिति पर नजर रखे हुए है।

About The Author

Related Posts