शिक्षा और रोजगार
Sanitation Workers' Strike: कैथल में पुलिस पहरे में उठाया कचरा, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी
कूड़े के ढेर से परेशान शहरवासियों को राहत, प्रशासन ने शुरू की सफाई
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कैथल शहर में मंगलवार को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सफाई अभियान हुआ। शहर के ढांड रोड से कूड़ा उठाने की कार्रवाई शुरू हुई, जहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और पुलिस वाहन तैनात नजर आए। मौके पर ट्रैफिक एसएओ समेत पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
दरअसल, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है, ताकि किसी तरह का विरोध न हो और शहर में गंदगी के कारण बीमारी फैलने की स्थिति पैदा न हो। सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों को काम पर लौटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हड़ताल जारी रहने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। बीते दिन 5 पे-रोल कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया जबकि एक पक्के कर्मचारी व दरोगा को निलंबित किया गया है।
नगर परिषद कैथल के कार्यकारी अधिकारी संदीप सोलंकी ने बताया कि ढांड रोड, करनाल रोड और अंबाला रोड से सफाई अभियान की शुरूआत की गई है। इसके बाद माता गेट, डोगरा गेट और अंबेडकर चौक समेत अन्य छोटे कूड़ा प्वाइंटों को भी साफ किया जाएगा। जहां कम मात्रा में कचरा है, वहां टिपर और डोर-टू-डोर वाहनों की मदद ली जा रही है।
कुल 6 कर्मचारियों पर कार्रवाई
गौरतलब है कि कैथल में कुल छह सफाई कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें एक कर्मचारी को निलंबित किया गया है, जबकि पांच कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है। यह कार्रवाई सरकार के आदेशों के अनुसार की गई है। अब शहर में कूड़ा उठाने का काम रूटीन के आधार पर जारी रहेगा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और नगर परिषद का स्टाफ सफाई अभियान में तैनात रहेगा। अधिकारियो के अनुसार कुछ सफाई कर्मचारी काम पर लौट चुके हैं, जबकि अन्य कर्मचारी भी वापस ड्यूटी पर आने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।