पहले चरण के मतदान के लिए तैयार हनुमानगढ़, कल 5 निकायों में डाले जाएंगे वोट

नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी और रावतसर में होगा मतदान, 174 वार्डों के लिए 176 मतदान केन्द्रों पर पहुंचेंगे मतदाता

Published On

हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के लिए जिले में चुनावी तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। बुधवार, 9 सितंबर को जिले की पांच नगरीय निकायों-नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी और रावतसर में मतदान होगा। मतदान को लेकर प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

प्रथम चरण में पांच नगरीय निकायों के कुल 174 वार्डों के लिए मतदान होगा। इन निकायों में नोहर के 40, भादरा के 40, संगरिया के 35, रावतसर के 35 और टिब्बी के 20 वार्ड शामिल हैं। इन वार्डों के लिए कुल 176 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिन पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रथम चरण के मतदान में पांचों नगरीय निकायों के कुल 1,45,152 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें नोहर के 41,604, भादरा के 33,940, रावतसर के 31,676, संगरिया के 27,575 तथा टिब्बी के 10,357 मतदाता शामिल हैं। मतदान को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने भी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी।

सोमवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदाता निर्धारित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी इंतजाम किए गए हैं।

586 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले की आठों नगरीय निकायों के 290 वार्डों में कुल 1086 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। इनमें प्रथम चरण में मतदान वाली पांच नगरीय निकायों के 174 वार्डों के 586 प्रत्याशी भी शामिल हैं। नगर पालिका संगरिया में 112, टिब्बी में 82, रावतसर में 160, भादरा में 126 तथा नोहर में 106 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में बुधवार को होने वाला मतदान कई वार्डों में राजनीतिक समीकरण और प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेगा। प्रथम और द्वितीय चरण में मतदान के बाद दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। प्रथम चरण के मतदान के साथ ही नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी और रावतसर के मतदाता अपने-अपने वार्ड के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में दर्ज करेंगे, जिसका परिणाम 14 सितंबर को सामने आएगा।

About The Author

Related Posts