चोरी की बाइक से मोबाइल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
चोरी के मोबाइलों को सस्ते दामों पर बेचकर करते थे शौक पूरे
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने वाहन चोरी और छिनैती करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नंदग्राम क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। एसीपी वेव सिटी प्रिया श्री पाल ने मीडिया को बताया कि सोमवार को चित्रावन सोसायटी के पास चेकिंग के दौरान अमन उर्फ भूरा (22) निवासी अशोक विहार, लोनी और रिहान (20) निवासी अशोक विहार, लोनी को गिरफ्तार किया गया। बरामद बाइक के चेसिस नंबर की जांच करने पर उसके नंदग्राम थाना क्षेत्र से चोरी होने की पुष्टि हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब तीन महीने पहले बाइक चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी। इसी बाइक से वे राह चलते लोगों से मौका पाकर मोबाइल फोन आदि छीनते थे। बाद में मोबाइल को सस्ते दामों पर बेचकर अपनी जरूरतें और शौक पूरे करते थे। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी प्रति सिंह के मुताबिक, रिहान के खिलाफ दो और अमन उर्फ भूरा के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, स्नैचिंग और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।