सनातन धर्म इंटर कॉलेज में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह, वरिष्ठ शिक्षकों को किया सम्मानित
सनातन धर्म इंटर कॉलेज में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह, वरिष्ठ शिक्षकों को किया सम्मानित
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार) । शिक्षक दिवस के अवसर पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रांगण में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्रबंधक सिद्धार्थ राजवंशी एवं प्रधानाचार्य डॉ. विकास शर्मा की पहल पर किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव उपस्थित रहे। समारोह के दौरान क्षेत्र एवं जनपद के वरिष्ठ शिक्षकों को शॉल, शील्ड एवं फूल मालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी देनी चाहिए, ताकि विद्यार्थी संस्कारवान नागरिक बनकर परिवार, समाज और राष्ट्र की सेवा कर सकें। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक डा. भोलाराम शर्मा, नरेश शर्मा, मॉडर्न इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेश कुमार, गोमती कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या ज्योति बाला, सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रेणु बेदी, नन्ही दुनिया जूनियर हाई स्कूल के संचालक वासुदेव शर्मा, शिखर शिक्षा सदन के डायरेक्टर राजेश शर्मा, जहानवी राठी, प्रवक्ता शाहू जैन डिग्री कॉलेज बिजनौर, ललित मोहन गुप्ता, संजय मुदगल, वरिष्ठ शिक्षक विजय शर्मा सहित जनपद से आए अनेक वरिष्ठ शिक्षकों एवं सनातन धर्म इंटर कॉलेज के शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के पुरातन छात्र वेद प्रकाश आर्य ने डॉ. विकास शर्मा को रिस्ट वॉच भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रबंधक सिद्धार्थ राजवंशी ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और शिक्षकों का सम्मान नई पीढ़ी को शिक्षा एवं संस्कार के प्रति प्रेरित करने का माध्यम है। समारोह को सफल बनाने में कीर्तिभूषण शर्मा, अनिरुद्ध शारदा, इकबाल अहमद, रूपेश गुप्ता, लोकेश संगल, अर्पित माहेश्वरी, राकेश कौशिक, आयुष संगल, प्रमोद कुमार, रुचिन शारदा, प्रशांत अग्रवाल, अनुराधा वर्मा, राजीव एरन, आशीष, राजन माहेश्वरी, राकेश आढ़ती एवं कमल आर्य सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।