शिक्षा और रोजगार
Pollution: कण्डेला में प्रदूषण के खिलाफ दूसरे दिन भी धरने पर डटे ग्रामीण
कण्डेला में प्रदूषण के खिलाफ दूसरे दिन भी धरने पर डटे ग्रामीण
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का धरना लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीण समस्या के समाधान होने तक पीछे हटने को तैयार नही है। विगत मंगलवार को कण्डेला, हिंगोखेड़ी, शेखूपुरा, जगनपुर, ऐरटी, भूरा, मन्नामाज़रा, बलवा गुजरान, ब्रह्मखेड़ा आदि गांवों के ग्रामीण प्रदूषण पर अंकुश लगाए जाने की मांग करते हुए शामली-कैराना मार्ग पर गांव कण्डेला के बस स्टॉप के निकट दरा बिछाकर धरने पर बैठ गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्रियों से उत्सर्जित धुएं व रसायन से वायु एवं भू-जल प्रदूषित हो रहा है।
उन्होंने कई बार प्रदूषण विभाग व प्रशासन के उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की, परन्तु कोई संज्ञान नही लिया गया। मसले को नजरअंदाज किये जाने पर ही वह धरने पर बैठने को विवश हुए है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन अथवा फैक्ट्री संचालक उनकी मांगों को गम्भीरता से नही लेंगे, तब तक उनके पास धरने पर बैठने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। धरनारत ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रदूषण के नियत मानकों के अनुरुप फैक्ट्रियों का संचालन कराए जाने की मांग की है। बुधवार को धरनास्थल पर अमित चौहान, राहुल चौहान, आशु कुमार, अमरीश कुमार, संजू मास्टर, सूरज चौहान, मोनू कुमार, रजत शर्मा, अमित चौहान, मोनू चौहान, गुरदीप चौहान, अनिल चौहान, अंकित चौहान, सुमित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।