Police Smriti Divas: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन, परिजनों को किया सम्मानित

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता सहित अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

Published On

फरीदाबाद, सच कहूँ न्यूज। Faridabad News: देश की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों की स्मृति में बुधवार, 21 अक्तूबर को पुलिस लाइन सेक्टर-30 स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर फरीदाबाद पुलिस ने शहीद जवानों को सलामी दी और पुष्पचक्र व पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक सहित सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मी और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों को सम्मानित कर कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा की प्रेरणा देती रहेगी।

1959 में हॉट स्प्रिंग्स में शहीद हुए थे 10 पुलिसकर्मी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास वर्ष 1959 की उस घटना से जुड़ा है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारतीय पुलिसकर्मियों पर चीनी सैनिकों ने हमला कर दिया था। 21 अक्तूबर 1959 को हुए इस हमले में 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि सात अन्य घायल होकर बंदी बना लिए गए थे। 13 नवंबर 1959 को शहीद जवानों के पार्थिव शरीर लौटाए गए और हॉट स्प्रिंग्स में पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इन जवानों के साहस और बलिदान की स्मृति में हर वर्ष 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1960 में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिरीक्षकों के वार्षिक सम्मेलन में इस दिवस को मनाने का निर्णय लिया गया था।

फरीदाबाद पुलिस के पांच जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरीदाबाद पुलिस के पांच जवानों ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए। इनमें सिपाही लश्कर, जिन्होंने 25 दिसंबर 1999 को; सिपाही महावीर, जिन्होंने 11 जून 2012 को; सिपाही संदीप, जिन्होंने 30 सितंबर 2021 को; पी/उप निरीक्षक रवि, जिन्होंने 21 फरवरी 2026 को तथा ई/एएसआई राजेंद्र, जिन्होंने 16 अप्रैल 2026 को सर्वोच्च बलिदान दिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने शहीद सहायक उप निरीक्षक योगराज के पुत्र राजेश मेहता तथा शहीद सिपाही सतबीर सिंह की पत्नी सुनीता को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के वीर जवानों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उनका त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा कभी भुलाई नहीं जा सकती। शहीदों का बलिदान देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

About The Author

Related Posts