नशे के कारोबार को रोकने के लिए पुलिस ने खंगाले गांव डिंग और भावदीन के घर
डॉग स्क्वायड की मदद से चार घंटे चला सर्च अभियान, संदिग्धों के घरों की तलाशी
सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने गांवों में सर्च अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को डिंग थाना पुलिस ने डिंग और भावदीन में नशे की गतिविधियों में संलिप्त होने के संदेह वाले लोगों के करीब 17 घरों की तलाशी ली। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले अभियान में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। पुलिस ने घरों के साथ आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की। डिंग थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नशे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करना और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस ऐसे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है, जिनके नशे के कारोबार में शामिल होने की आशंका है।
नशा बेचने वालों की सूचना देने की अपील
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई नशे का कारोबार करता है तो बिना किसी डर के पुलिस को सूचना दें। सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को धिक्कारने के बजाय उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। ऐसे युवाओं की जानकारी पुलिस को देने से उनके इलाज और पुनर्वास में मदद मिल सकती है। पुलिस ने लोगों से नशामुक्त समाज बनाने के लिए सहयोग की अपील की।