Land Fraud Case: 28 एकड़ जमीन रिकॉर्ड हेराफेरी मामले में चार दशक बाद पूर्व सरपंच गिरफ्तार

जमीन की गिरदावरी पंचायत के नाम कराने और फर्जी रिकॉर्ड तैयार करने का आरोप

Published On

Land Fraud Case: हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। ढाणी खान बहादुर, ढाणी गारण और ढाणी मिरदाद की संयुक्त पंचायत में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के करीब चार दशक पुराने मामले में पुलिस ने 76 वर्षीय पूर्व सरपंच शिवलाल को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2016 में दर्ज मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 8 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जांच अधिकारी एसआई चांदीराम ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार मामला देवीदयाल सिंगला की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 1985 में उसके पिता कुलवंत राय के नाम दर्ज करीब 28 एकड़ जमीन की गिरदावरी कथित तौर पर पंचायत के नाम कर दी गई।

शिकायतकर्ता ने तत्कालीन सरपंच शिवलाल समेत अन्य लोगों पर फर्जी राजस्व रिकॉर्ड तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की साजिश का आरोप लगाया था। जांच में सामने आया कि कुलवंत राय के नाम दर्ज गिरदावरी पंचायत के नाम दुरुस्त की गई थी। हालांकि, जांच के दौरान संबंधित प्रस्ताव और आदेश का मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला।

मामले में वर्ष 2016 में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने क्लोजर रिपोर्ट तैयार की थी। बाद में जमीन संबंधी दीवानी मुकदमे में शिकायतकर्ता के हक में 22 जनवरी को फैसला आने के बाद 18 अप्रैल को जांच के आदेश हुए। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts