अमनप्रीत इन्सां ने पेश की ईमानदारी की अनूठी मिसाल

अमनप्रीत इन्सां की ईमानदारी देखकर गदगद हुए बैंक अधिकारी

Published On

गोरीवाला, 24 नवम्बर (सच कहूँ न्यूज)। आज के दौर में जहां छोटी रकम के लिए भी लोग ईमानदारी से समझौता कर लेते हैं, वहीं गांव मसीता के अमनप्रीत इन्सां ने बैंक खाते में गलती से आए 4 लाख 5 हजार रुपये लौटाकर मिसाल पेश की है। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए अमनप्रीत के इस कदम की बैंक अधिकारियों और ग्रामीणों ने सराहना की। जानकारी के अनुसार अमनप्रीत का सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में खाता है। कुछ दिन पहले उनके खाते में अचानक 4.05 लाख रुपये जमा हो गए। उन्होंने राशि को अपना मानने के बजाय पहले उसके स्रोत का पता लगाया। 

सच्चे नम्र सेवादार जितेंद्र वीर इन्सां और ब्लॉक प्रेमी सेवक भिन्द्र सिंह इन्सां से चर्चा के बाद उन्होंने धान की फसल बेचने वाले आढ़ती से बैंक खाते का मिलान कराया। मिलान करने पर पता चला कि राशि गलती से उनके खाते में आई थी। इसके बाद अमनप्रीत सेवादारों के साथ बैंक पहुंचे और ब्रांच मैनेजर मुकेश कुमार को पूरी जानकारी देकर राशि वापस करने की पहल की।

ब्रांच मैनेजर ने बताया कि बैंक कर्मचारी कई दिनों से ईमेल के जरिए मिली जानकारी के आधार पर राशि का मिलान कर रहे थे, लेकिन यह पता नहीं चल पा रहा था कि पैसा किस खाते में पहुंचा है। अमनप्रीत के खुद बैंक पहुंचकर राशि लौटाने की पहल करने पर बैंक कर्मचारियों ने उनका आभार जताया। मैनेजर मुकेश कुमार ने कहा कि अमनप्रीत ने 4.05 लाख रुपये लौटाकर ईमानदारी का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्कार समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। अमनप्रीत की ईमानदारी की क्षेत्र में भी खूब सराहना हो रही है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts