सरसा से जसविंद्र पाल पिंकी और डबवाली से अर्चना मेघवाल भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बनीं
भावना शर्मा को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह
सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। भारतीय जनता पार्टी ने किसान मोर्चा, महिला मोर्चा और ओबीसी मोर्चा में प्रदेश व जिला स्तर पर नई नियुक्तियां की हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में सरसा और डबवाली जिले के कई नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। नियुक्तियों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। महिला मोर्चा में सरसा की कमान जसविंद्र पाल पिंकी को सौंपी गई है, जबकि डबवाली की जिलाध्यक्ष अर्चना मेघवाल को बनाया गया है। वहीं पूर्व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भावना शर्मा को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
किसान मोर्चा में भी सरसा-डबवाली को अहम जिम्मेदारी
किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में सरसा से बलदेव बैनीवाल को शामिल किया गया है। जिला स्तर पर सरसा की कमान भगवत सिंह और डबवाली की जिम्मेदारी कुलदीप जाट को सौंपी गई है। इसके अलावा डबवाली हलके से प्रिंस बिश्नोई को किसान मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
ओबीसी मोर्चा की प्रदेश टीम में सरसा की सुमन सैनी को प्रदेश मंत्री का दायित्व दिया गया है। वहीं डबवाली हलके से प्रमोद कंबोज को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। जिला स्तर पर औमप्रकाश को डबवाली और निक्कूराम को सरसा जिले का ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जताया आभार
नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, सरसा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, डबवाली जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेताओं व पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
Comments