Sirsa Crime News: सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष चंद्र हत्याकांड में बड़ा खुलासा!
महिला मित्र के साथ घर बसाने का लालच देकर गोकुल को हत्या की साजिश में जोड़ा
Subhash Chandra Murder Case Update: सरसा, (सच कहूँ न्यूज)। गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष चंद्र की हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आया कि राकेश गर्वा ने विजय कुमार उर्फ गोकुल को जमाल में मकान बनवाकर महिला मित्र के साथ घर बसाने का लालच दिया था। पुलिस के अनुसार इसी लालच में गोकुल हत्या की साजिश में शामिल हुआ। राकेश ने राहुल डूडी को गोली मारने की जिम्मेदारी सौंपी थी। गोकुल चार दिन के पुलिस रिमांड पर है, जबकि राहुल को जेल भेज दिया गया है।
गोकुल को गाली देने पर बिगड़े थे रिश्ते
पुलिस के मुताबिक गोकुल की मुलाकात राकेश से जेल में हुई थी। दोस्ती के चलते राकेश ने उसे सोलर प्लांट में काम दिलवाया। सुभाष चंद्र द्वारा गोकुल को गाली देने की बात पर राकेश और सुभाष के बीच विवाद बढ़ गया। बाद में ठेके की 25 प्रतिशत हिस्सेदारी को लेकर भी रंजिश होने की बात सामने आई है। पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है।
बदमाशी में नाम कमाने के लिए हत्या को तैयार हुआ राहुल
पुलिस के अनुसार राहुल ने पूछताछ में बताया कि उसे हत्या के लिए अलग से रकम नहीं मिली थी। प्लांट में उसे 15 हजार रुपये मासिक मजदूरी मिलती थी। उसने बदमाशी में नाम कमाने के लिए वारदात को अंजाम देने की हामी भरी थी। गौरतलब है कि 6 अक्तूबर को जमाल स्थित हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के सोलर प्लांट में सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता की शिकायत पर राहुल समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।