Snake News: 10 दिन से ग्रिल में फंसे 11 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू
पांच घंटे की मशक्कत के बाद निकाला बाहर
यमुनानगर, सच कहूँ ब्यूरो। Snake News: यमुनानगर जिले के व्यासपुर क्षेत्र के रसूलपुर गांव में खेतों में बने एक बंद कमरे के रोशनदान में करीब 11 फीट लंबा और 45 किलोग्राम वजनी अजगर 10 दिन तक फंसा रहा। बाहर निकलने की कोशिश में लोहे की ग्रिल उसके पेट में धंस गई थी। सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम ने पांच घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद ग्रिल काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। खेत मालिक गुरदीप ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में तैनात हैं और ड्यूटी के कारण खेतों में कम आना-जाना होता है। कई दिन बाद खेत में पहुंचने पर उन्हें रोशनदान में अजगर फंसा दिखाई दिया।
इसके बाद उन्होंने वन्यजीव विभाग को सूचना दी। रेस्क्यू टीम के कर्मचारी मोहित के अनुसार, ग्रिल के दो हिस्से अजगर के पेट में करीब तीन-तीन इंच तक धंसे हुए थे। लंबे समय तक फंसे रहने से उसकी हालत कमजोर हो गई थी। टीम ने ब्लेड और अन्य औजारों से सावधानीपूर्वक ग्रिल काटकर उसे बाहर निकाला। उपचार के बाद अजगर को प्राकृतिक आवास में छोड़ने के उद्देश्य से कलेसर के जंगल में छोड़े जाने की जानकारी दी गई।