शिक्षा और रोजगार
Alwar Softball Competition: राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल में हनुमानगढ़ का परचम
विजेता 19 वर्षीय टीम का स्वागत, 17 वर्षीय छात्रा टीम ने भी हासिल किया तीसरा स्थान
Hanumangarh Girls Softball: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। अलवर जिले के पिनान में आयोजित 17वीं राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटी हनुमानगढ़ की 19 वर्षीय छात्रा टीम और तृतीय स्थान हासिल करने वाली 17 वर्षीय छात्रा टीम का गुरुवार को गांव मक्कासर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वागत-अभिनंदन किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य सीमा झाम्ब, उप प्रधानाचार्य शिमलेश वर्मा, शारीरिक शिक्षिका चम्पा रानी सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर एवं रंग-गुलाल लगाकर बधाई दी।
डबलीराठान के राजकीय विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका शिक्षा चौधरी ने बताया कि अलवर के पिनान में आयोजित प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की 19 वर्षीय छात्रा टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 17 वर्षीय छात्रा टीम तृतीय स्थान पर रही। 17 वर्षीय टीम का सेमीफाइनल मुकाबला नागौर के साथ हुआ, जबकि 19 वर्षीय टीम का फाइनल मुकाबला जोधपुर से हुआ, जिसमें हनुमानगढ़ की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। प्रधानाचार्य सीमा झाम्ब ने कहा कि सरकारी विद्यालय प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय की तीन टीमें प्रतियोगिता में गई थीं। तीनों टीमों में शामिल कुल 48 खिलाड़ियों में से 40 से अधिक खिलाड़ी उनके विद्यालय सहित अन्य सरकारी विद्यालयों की थीं। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है कि निजी और सरकारी विद्यालयों में कोई फर्क है। सरकारी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम भी बेहतर रहता है।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों की खासियत है कि यहां शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी बराबर प्रोत्साहन दिया जाता है, ताकि बच्चों का हर क्षेत्र में विकास हो सके। उन्होंने अभिभावकों से अधिकाधिक बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में करवाने की अपील की। इस मौके पर टीम प्रभारी कृष्णा गोदारा, कोच जसवीर सिंह, रवि कुमार, सुरेन्द्र सिंह, सूरज गोदारा, विनोद, सोमा, एसडीएमसी सदस्य रामदयाल लिम्बा, राजेन्द्र नोखवाल, ग्रामीण बृजप्रकाश गोदारा, रामदयाल भादू, शिवराज सिंह, कुलविन्द्र सिंह, दिनेश, खुश्बू सहित अन्य मौजूद रहे।