शिक्षा और रोजगार
School Sports News: राष्ट्रीय क्रिकेट में राजस्थान की बेटियों ने लहराया परचम
रजत पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान, हनुमानगढ़ की चार बेटियां टीम में शामिल, हर्षिता बनीं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
Under 17 Girls Cricket Tournament: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जम्मू-कश्मीर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के अंडर-17 छात्रा क्रिकेट टूर्नामेंट में राजस्थान की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाकर लौटी टीम का रविवार रात्रि को हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के आगमन पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम में हनुमानगढ़ जिले की चार बेटियां हर्षिता, सिया, कंचन और तमन्ना भी शामिल रहीं। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ की हर्षिता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार हासिल किया, जबकि सिया ने बेहतरीन गेंदबाजी से विरोधी टीमों को कड़ी चुनौती दी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए हनुमानगढ़ जिले के नेठराना विद्यालय में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शिविर संयोजक एवं प्रधानाचार्य पीरदान बेनीवाल, राष्ट्रीय कोच किरण सानी, देवेंद्र सिंह सिद्धू, अनिल पूनिया, भाल सिंह बेनीवाल, प्रमोद तथा विभागीय पर्यवेक्षक माया जाट के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया गया। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम रहा कि राजस्थान की टीम राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीतने में सफल रही। रेलवे स्टेशन पर कृष्णा देवी मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष विवेक गोयल, सचिव कुनाल गोयल, योगेश गोयल, जीएस नगर अध्यक्ष मनीष बिश्नोई, बलविंदर सिंह सिद्धू, पुनीत, हरप्रीत सिंह तथा जय सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों का स्वागत किया।
इस मौके पर मानवाधिकार सुरक्षा संगठन भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह सिद्धू ने कहा कि हनुमानगढ़ की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं, जीएस नगर अध्यक्ष मनीष बिश्नोई ने सभी खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों को बधाई देते हुए क्रिकेट कोच देवेंद्र सिंह सिद्धू को कॉलोनी की ओर से सम्मानित करने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि देवेंद्र सिंह सिद्धू स्वयं राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और वर्तमान में युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।
Comments