Discom News: बिजली बिल जमा नहीं करवाने वालों पर डिस्कॉम की सख्ती, बकायादारों के काटे जा रहे कनेक्शन
जंक्शन सब डिविजन में घरेलू उपभोक्ताओं पर ढाई करोड़ और अघरेलू श्रेणी पर दो करोड़ रुपए बकाया, रिकवरी के लिए बनाई टीमें
Electricity Bill Recovery: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। बिजली बिलों की लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ जोधपुर डिस्कॉम ने सख्ती शुरू कर दी है। हनुमानगढ़ जंक्शन सब डिविजन के अंतर्गत घरेलू एवं अघरेलू श्रेणी के ऐसे उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिनकी बकाया राशि काफी अधिक हो चुकी है। बकाया बिलों की वसूली के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कनिष्ठ अभियंता स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें मौके पर पहुंचकर रिकवरी की कार्रवाई कर रही हैं।
गुरुवार को रिकवरी अभियान के तहत कनिष्ठ अभियंता भगतसिंह चौक और कनिष्ठ अभियंता खुंजा के अधीन स्टाफ की टीमें गठित कर कार्रवाई की गई। टीमों ने बकायादार उपभोक्ताओं से बिल जमा करवाने के लिए संपर्क किया तथा बकाया राशि की वसूली के प्रयास किए। जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं करवाए हैं, उनके विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जा रही है। डिस्कॉम के हनुमानगढ़ जंक्शन सहायक अभियंता कार्यालय के अंतर्गत घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं पर करीब ढाई करोड़ रुपए की राशि बकाया चल रही है। वहीं अघरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं पर लगभग दो करोड़ रुपए बकाया हैं।
इस तरह दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर कुल साढ़े चार करोड़ रुपए की बकाया राशि है। जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता मुकेश शर्मा ने बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने बकाया बिजली बिल जमा करवा दें, ताकि कनेक्शन कटने से होने वाली असुविधा से बच सकें। उन्होंने बताया कि दीपावली के दौरान मेंटेनेंस कार्य और चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों में व्यस्तता के चलते रिकवरी अभियान शुरू करने में देरी हुई। अब अभियान के तहत बकाया राशि की वसूली पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Comments