Pushkar Mela News: पुष्कर मेले में होगा परंपरा, संस्कृति और पर्यटन के नए अनुभवों का संगम

17 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा मेला, विदेशी पर्यटक राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों में लेंगे भाग

Published On

जयपुर, 15 नवंबर (सच कहूँ ब्यूरो)। धार्मिक आस्था, राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन के जीवंत रंगों से सराबोर पुष्कर मेला-2026 आगामी 17 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा। इस बार मेला परंपरागत धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यटन के नए और सहभागी अनुभवों का भी साक्षी बनेगा। विदेशी पर्यटक जहां स्थानीय प्रतिभागियों के साथ राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों में भाग लेते नजर आएंगे, वहीं शिल्पग्राम में आयोजित होने वाला फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल प्रदेश के हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय कला का आकर्षण प्रस्तुत करेगा।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अजय शर्मा के अनुसार, इस वर्ष मेले में ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं, ऊंट एवं घोड़ा नृत्य, लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शिल्पग्राम की गतिविधियां विशेष आकर्षण रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य पुष्कर की पारंपरिक पहचान को कायम रखते हुए देशी-विदेशी पर्यटकों को राजस्थान की संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवन से जुड़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

पुष्कर धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उपलब्ध पर्यटन आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में पुष्कर में 59,951 विदेशी और 76.42 लाख घरेलू पर्यटकों का आगमन हुआ। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 74,726 विदेशी और 1.24 करोड़ घरेलू पर्यटकों तक पहुंच गई। वर्ष 2025 में 68,327 विदेशी पर्यटकों के साथ 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटकों ने पुष्कर का भ्रमण किया। वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त तक 31,459 विदेशी और 70.88 लाख से अधिक घरेलू पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है।

ग्रामीण खेलों में विदेशी पर्यटकों की भागीदारी होगी खास

पुष्कर मेले में इस बार राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन अनुभव से जोड़ने की पहल की गई है। लगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसी प्रतियोगिताओं में स्थानीय प्रतिभागियों के साथ विदेशी पर्यटकों की भागीदारी प्रस्तावित है। फुटबॉल मुकाबले में भी स्थानीय प्रतिभागियों और विदेशी पर्यटकों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। इसके अतिरिक्त रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल और अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ऊंट दौड़, ऊंट नृत्य और घोड़ा नृत्य के साथ साफा बांधने, मूंछ प्रतियोगिता, महिलाओं की मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसे आयोजन मेले के उत्सवी माहौल को और जीवंत बनाएंगे।

संयुक्त निदेशक व पुष्कर मेले के नोडल अधिकारी दलीप सिंह राठौड़ के अनुसार शिल्पग्राम में 20 नवंबर को फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। 21 से 23 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में राजस्थान के पारंपरिक खानपान और हस्तशिल्प को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। स्थानीय शिल्पकारों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच मिलेगा। यह आयोजन पर्यटकों को प्रदेश की पारंपरिक पाक कला और शिल्प विरासत से रूबरू कराने के साथ स्थानीय कलाकारों एवं उद्यमियों के लिए भी अवसर उपलब्ध कराएगा।

आस्था, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत होंगे घाट

पुष्कर मेले की आध्यात्मिक पहचान को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। पुष्कर सरोवर के घाटों पर महाआरती, दीपदान और अन्य धार्मिक गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रतिदिन होने वाली महाआरती श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी। वहीं, राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार संगीत और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरेंगे। 17 नवंबर को उद्घाटन दिवस से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। 24 नवंबर को मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

अजय शर्मा के अनुसार, पुष्कर मेले की विशिष्टता धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और ग्रामीण जीवन के सहज स्वरूप में निहित है। बदलते समय के अनुरूप नए पर्यटन अनुभवों को शामिल करने से इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और व्यापक होगी। पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ स्थानीय कला, शिल्प, खानपान और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts