Science Lab: शिक्षा क्रांति की नई उड़ान: जंड साहिब के सरकारी स्कूल को मिली अत्याधुनिक साइंस लैब की सौगात
विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने सरकारी स्कूल जंड साहिब में नई साइंस लैब का किया उद्घाटन
Published On
सादिक, सच कहूँ/हरदीप सादिक। Faridkot News: पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत सरकारी स्कूलों को आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से लैस करने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल जंड साहिब में नवनिर्मित अत्याधुनिक साइंस लैब का उद्घाटन हलका विधायक फरीदकोट गुरदित्त सिंह सेखों ने किया। सेखों ने पंजाब सरकार की ओर से पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की शिक्षा प्रणाली को विश्वस्तरीय बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे के विकास, आधुनिक लैब, डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम और शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब के सरकारी स्कूलों के लगभग 870 विद्यार्थियों ने जेईई और नीट जैसी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर साबित किया है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी ऊंचे मुकाम हासिल करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं का वास्तविक लाभ तभी है, जब विद्यार्थी इनका उपयोग करके अपने ज्ञान और कौशल में वृद्धि करें।
उन्होंने कहा कि यह सार्इंस लैब आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक शिक्षा का शानदार संगम है। इसमें 3डी इंटरएक्टिव पैनल, स्मार्ट बोर्ड और विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल कार्य के लिए जरूरी अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण एवं प्रयोगशाला सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा वैज्ञानिक उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए अलग स्टोर रूम और सार्इंस अध्यापक के लिए विशेष कमरा भी तैयार किया गया है। स्कूल की प्रिंसिपल मनिन्द्र कौर ने मुख्य अतिथि और सभी गणमान्य व्यक्तियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए स्कूल की पिछले दो वर्षों की जिला और राज्य स्तरीय शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक तथा खेल उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल का पूरा स्टाफ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनमें नई संभावनाएँ विकसित करने के लिए पूरी लगन से कार्य कर रहा है।
स्कूल इंचार्ज हरप्रीत कौर ने मुख्य अतिथि विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, उनकी पूरी टीम, जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसी आधुनिक सुविधाएँ विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगी। यह अत्याधुनिक साइंस लैब केवल एक नई इमारत या सुविधा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोगात्मक शिक्षा, नवीन शोध और नए आविष्कारों की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Comments