Sirsa Mandi News: धान की नमी ने अटकाई खरीद, चार दिन से मंडी में इंतजार कर रहे किसान

सुबह नमी ज्यादा बताकर रोकी जा रही खरीद, शाम को मानकों पर खरी उतर रही फसल

Published On

Paddy Procurement Issues: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। मंडियों में धान लेकर पहुंचे किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। फसल लाने के समय धान में नमी 17 प्रतिशत थी, लेकिन कई दिन बाद जांच में यह 20 प्रतिशत बताई जा रही है। किसानों का कहना है कि सुबह नमी ज्यादा होने के कारण खरीद अटक जाती है, जबकि शाम को वही फसल निर्धारित मानकों पर खरी उतर रही है। फग्गू और रोड़ी में किसान चार दिन से धान बिकने का इंतजार कर रहे हैं।

दूसरी ओर खरीद के बाद उठान भी धीमा है। जिले में अब तक 3,70,201 क्विंटल धान की आवक हुई है, जबकि उठान केवल 26,424 क्विंटल का हुआ है। पिछले सीजन में 13 अक्तूबर तक जिले की मंडियों में 3,83,700 क्विंटल धान पहुंचा था। इस बार आवक 13,499 क्विंटल कम है। अब तक 1,06,489 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। जिले के 34 खरीद केंद्रों में से सात पर अभी तक धान की आवक शुरू नहीं हुई है।

नमी की जांच में उलझी खरीद, चार दिन से इंतजार

गांव फग्गू के किसान हरमन सिंह ने बताया कि वह चार दिन से मंडी में धान लेकर बैठे हैं। फसल लाते समय नमी 17 प्रतिशत थी, लेकिन अब जांच में 20 प्रतिशत बताई जा रही है। उनके अनुसार, खरीद अधिकारी तैयार हैं, लेकिन आढ़ती तौल शुरू नहीं कर रहे। रोड़ी के किसान दर्शन सिंह ने भी नमी के कारण खरीद प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने बताया कि शाम को नमी निर्धारित मानकों के अनुरूप आ जाती है, जबकि सुबह फिर बढ़ जाती है। इसके अलावा मंडी में सीवरेज लाइन खराब होने से बारिश का पानी जमा होने की समस्या भी बनी हुई है।

पोर्टल की धीमी रफ्तार से टोकन में देरी

धान बेचने के लिए टोकन कटवाने में भी किसानों को परेशानी हो रही है। पोर्टल की धीमी गति के कारण प्रक्रिया में समय लग रहा है। मार्केट कमेटी सचिव वीरेंद्र मेहता ने बताया कि यह समस्या पूरे हरियाणा में सामने आ रही है। विभाग को इसकी जानकारी दे दी गई है।

जिले में सबसे ज्यादा करीब 1.80 लाख क्विंटल धान कालांवाली मंडी में पहुंचा है। डबवाली में 84,738 क्विंटल, सरसा में 51,345 क्विंटल, रोड़ी में 14,689 क्विंटल और फग्गू में 3,933 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई है। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर जिले के 40,951 किसानों ने पंजीकरण कराया है। जिले में 2,52,882 एकड़ में धान की फसल बोई गई है।

डबवाली के चट्ठा, कालांवाली के थिराज, रानियां के जीवन नगर, कुत्ताबढ़ और करीवाला तथा डिंग क्षेत्र के डिंग मोड़ और सुचान कोटली खरीद केंद्रों पर अभी तक धान नहीं पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार, इन क्षेत्रों में कटाई शुरू नहीं हुई है। अगले सप्ताह तक आवक शुरू होने की उम्मीद है।

बारिश से बचाव के इंतजाम किए

मार्केट कमेटी के डीएमईओ राहुल कुंडू ने बताया कि जिन केंद्रों पर धान पहुंच रहा है, वहां खरीद शुरू करवा दी गई है। हालांकि, उठान की रफ्तार धीमी है। नमी को लेकर कुछ केंद्रों पर किसानों ने आपत्ति जताई थी, जिसे बातचीत के जरिए दूर कर दिया गया। सभी केंद्रों पर मार्केट कमेटी की नमी मापक मशीन से जांच की जाएगी। बारिश की आशंका को देखते हुए तिरपाल और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

About The Author

Related Posts